सड़क निर्माण में नवीन तकनीकी के प्रयोग पर राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा यूपी सीएम मेडल

गुजरात राज्य के गाँधीनगर में आयोजित चार दिवसीय इण्डियन रोड कांग्रेस के 82वें सम्मेलन में लिया गया निर्णय
आईआरसी में ग्रामीण सड़क की विशिष्टयों से लेकर सड़क सुरक्षा मानकों तक 11 सूत्रीय एजेंडा
लखनऊ 04 दिसम्बर, 2023
इण्डियन रोड कांग्रेस (आईआरसी) परिषद ने सड़क निर्माण में नवीन तकनीकी के प्रयोग पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक वर्ष एक राजकीय संस्था को उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री (यूपी सीएम) मेडल देने का निर्णय लिया है। गुजरात राज्य के गाँधीनगर में 02 से 04 दिसम्बर तक आयोजित चार दिवसीय इण्डियन रोड कांग्रेस के 82वें सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया हैं।
उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष ए0के0 जैन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में आयोजित हुए भारतीय सड़क कांग्रेस के 81वें अधिवेशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सम्बोधन में कहा था कि सड़क निर्माण में नवीनतम एवं उच्चतम तकनीकि का प्रयोग करने वाली राजकीय संस्थाओं को मेडल प्रदान किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के इस सुझाव के परिप्रेक्ष्य में आई0आर0सी0 ने अगले वर्ष से सड़क निर्माण में नवीन तकनीक का बेहतर उपयोग करने वाली एक सरकारी संस्था को यूपी सीएम मेडल प्रदान कर सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक कमेटी बनाई जायेगी, जो मेडल के लिये संस्था का चयन करेगी।
आई आर सी के 82वें सम्मेलन के 226वीं परिषद की बैठक में ए.के. जैन द्वारा वाइस प्रेसिडेंट आईआरसी के रूप में भाग लिया गया, जिसमें ग्रामीण सड़क की विशिष्टयों से लेकर सड़क सुरक्षा मानकों तक 11 सूत्रीय एजेंडा प्रस्तुत किया गया, जिसे परिषद ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर विचार के लिए विभिन्न समितियों को भेज दिया। यह राष्ट्रीय स्तर पर यूपीपीडब्ल्यूडी की प्रतिष्ठा में बड़ी उपलब्धि है।








