UPCM ने कानपुर नगर और कानपुर देहात में ग्राम स्वराज अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश (कानपुर)।
UPCM ने कानपुर नगर और कानपुर देहात के आपदा प्रभावित गांवों में राजस्व वसूली न किये जाने के निर्देश देते हुए कहा है कि इन गांवों को ग्राम स्वराज अभियान के तहत संतृप्त किया जाए। UPCM ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों की बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत करायी जाये। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों में सप्ताह भर के अंदर विद्युत आपूर्ति बहाल करें। इसके लिए विद्युत विभाग युद्धस्तर कर कार्य करे।

UPCM कानपुर में कानपुर नगर और कानपुर देहात के आंधी-तूफान से प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत कार्याें की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित कराया जाये। साथ ही, पहले से कच्चे मकान में रह रहे लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाये। इसके लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि पशुधन क्षति के अन्तर्गत मानक के अनुसार अनुदान दिया जाये। वन विभाग को आंधी में गिरे पेड़ों का निरीक्षण कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पेड़ों को तत्काल हटाया जाये, ताकि कोई दुर्घटना न हो। आपदा प्रभावित गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। जरूरत पड़ने पर टैंकरों से भी पेयजल आपूर्ति की जाये। घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था हो तथा सहायता राशि उन तक समय से पहुंचे। जिन किसानों की फसलों का नुकसान हुआ उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से लाभान्वित किया जाये।
UPCM ने यह भी निर्देश दिये कि कटी हुई क्षतिग्रस्त फसलों पर भी 10 से 15 प्रतिशत तक का मुआवजा दिलाया जाये। आय, जाति तथा निवास प्रमाण पत्र तीन दिनों में निर्गत करा दिया जाये। नौकरियों में पुलिस वेरीफिकेशन 24 घंटे में कराया जाये। इसमें देरी करने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाये। विधवा, दिव्यांगों आदि से सम्बन्धित लाभार्थियों की पेंशन के प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।
UPCM ने ग्राम स्वराज अभियान की समीक्षा करते हुए जनपद कानपुर नगर के 46 चयनित ग्रामों तथा कानपुर देहात के 37 चयनित ग्रामों में अनुसूचित जाति व जनजाति के लाभार्थियों के लिए संचालित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी ली। जनपद कानपुर नगर के जिलाधिकारी ने बताया कि चयनित 46 ग्रामों में चैपाल लगाकर विभिन्न योजनाओं-प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, इंद्रधनुष योजना आदि के माध्यम से पात्र ग्रामीणों को लाभान्वित किया जा रहा है। चयनित ग्रामों के मजरों के विद्युतीकरण का कार्य 10 मई, 2018 तक पूर्ण करा दिया जाएगा। इसी प्रकार, जिलाधिकारी कानपुर देहात ने बताया कि चयनित ग्रामों में चैपाल लगाकर ग्रामवासियों को शासन की लाभकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया जा रहा है।
बैठक में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








