एलडीए : प्रवर्तन जोन-2 के शहीद पथ और बिजनौर रोड पर दो अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने शहीद पथ और बिजनौर रोड पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि प्रमोद यादव द्वारा बिजनौर रोड स्थित औरंगाबाद जागीर में महादेव लाॅन के पास लगभग 02 बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसके अलावा अमित मौर्या, राहुल सिंह व अन्य द्वारा शहीद पथ पर लुलु माॅल के सामने ग्राम-हरिहरपुर में लगभग 07 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराये बगैर की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
इसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता उस्मान अली व नागेन्द्र मिश्रा द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से दोनों अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी। इस दौरान विपक्षियों द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, बाउन्ड्रीवाॅल, नाली, बिजली के खम्भे, साइट आॅफिस व गेट आदि को ध्वस्त कर दिया गया।








