मुख्यमंत्री ने PMG प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की, अवस्थापना परियोजनाओं की प्रगति के सम्बन्ध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आहूत एक बैठक में पी0एम0जी0 प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की। उन्होंने अवस्थापना परियोजनाओं की प्रगति के सम्बन्ध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार से जुड़ी परियोजनाएं किसी भी स्तर पर लम्बित न रहें। ऐसे प्रकरणों में अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। इन परियोजनाओं की मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा निरन्तर समीक्षा की जाए। भूमि अर्जन के मामलों में सम्बन्धित विभाग अतिरिक्त मानव संसाधन लगाते हुए समय से कार्यवाही सुनिश्चित करें। मुआवजे के मामलों में कतई देरी न की जाए। न्यायालय में लम्बित मामलों में प्रभावी पैरवी कराते हुए, उनका निराकरण कराएं।

ज्ञातव्य है कि पी0एम0जी0 पोर्टल पर अब तक दर्ज 351 मामलों में से 321 का निस्तारण कर दिया गया है। शेष 30 परियोजनाएं अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, राजस्व, लोक निर्माण, सिंचाई एवं जल संसाधन, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, ऊर्जा तथा नागरिक उड्डयन विभाग से सम्बन्धित हैं। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों को शीघ्र निर्णय लेकर समयबद्ध रूप से उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage