रेलवे बहुत कम प्रदूषण फैलाने वाला साधन है : शोभन चौधुरी

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली स्थित उत्तर रेलवे के मुख्यालय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। सम्मेलन में प्रमुख न्यूज चैनलों और समाचार पत्रों के मीडियाकर्मियों और रिपोर्टरों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

अप्रैल, 2023 में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने गत वित्तीय वर्ष के दौरान उत्तर रेलवे की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। उन्होंने सुरक्षा, समय की पाबंदी, रेलवे द्वारा माल ढुलाई की हिस्सेदारी बढ़ाने और बुनियादी ढांचे के निर्माण के संदर्भ में आने वाले वर्ष में उत्तर रेलवे की भावी योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने ऊर्जा दक्षता, रेल परिचालन के क्षेत्र में डीजल से इलेक्ट्रिक सिस्टम में स्थानांतरण और पर्यावरण के मुद्दे पर भी जोर दिया, जिसमें सौर ऊर्जा, जल पुनर्चक्रण और वर्षा जल संचयन का उपयोग किया जाना शामिल है।

कश्मीर को कन्याकुमारी से जोड़ने के लिए यूएसबीआरएल परियोजना की स्थिति पर बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि दो सुरंगों में 200 मी. के निर्माण कार्यों को छोड़कर परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो गया है। माननीय रेल मंत्री ने अपनी चिनाब ब्रिज की यात्रा के दौरान परियोजना के फरवरी, 2024 में पूरा होने की घोषणा की थी।

ट्रेनों की गति बढ़ाने के विषय पर महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि रेलमार्ग के जिन हिस्सों पर तेज गति से ट्रेनों का परिचालन किया जाना है, वहां बाउंड्री वॉल की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मवेशियों और मनुष्यों को पटरियों को पार करने से रोका जा सके। रेल और सड़क यातायात के सुगम आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए मानवयुक्त समपारों के स्थान पर आरओबी/आरयूबी की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे हेरिटेज कालका-शिमला सेक्शन में हाइड्रोजन ट्रेन भी चलाने जा रहा है। इससे हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र में प्रदूषण में कमी आयेगी।

उन्होंने मीडियाकर्मियों से रेलवे को माल ढुलाई के पसंदीदा साधन के रूप में लोकप्रिय बनाने में मदद करने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेलवे बहुत कम प्रदूषण फैलाने वाला साधन है, थोक में सामान ले जा सकता है, सुनिश्चित और समय पर डिलीवरी के साथ परिवहन का सबसे सुरक्षित तरीका भी है।

Related Articles

Back to top button
btnimage