उपाध्यक्ष ने चेक की उपस्थिति, LDA में रिकॉर्ड तोड 103 कर्मचारी अनुपस्थित

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गुरूवार को कर्मचारियों की उपस्थिति का औचक निरीक्षण किया। इसमें विभिन्न अनुभागों के कुल 103 कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित पाये गये। इस पर उपाध्यक्ष ने समस्त अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अग्रिम आदेशों तक अनुपस्थित दिवस का वेतन न आहरित करने के आदेश जारी किये हैं।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि गुरूवार सुबह 10ः45 बजे उपाध्यक्ष द्वारा सभी अनुभागों से हाजिरी रजिस्टर मंगाकर चेक किया गया। इसमें 103 कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि कुछ कर्मचारियों के नाम के सामने अल्प अवकाश तथा कुछ कर्मचारियों के सामने आकस्मिक अवकाश अंकित था, लेकिन रजिस्टर में इससे सम्बंधित कोई प्रार्थना पत्र संलग्न नहीं था। वहीं, अटेन्डेंस रजिस्टर के मुताबिक कुछ कर्मचारी काफी लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने समस्त अनुपस्थित कर्मचारियों को शो-काज नोटिस जारी करने के आदेश दिये हैं। साथ ही जो कर्मचारी एक दिन से अधिक समय से अनुपस्थित हैं, उनके अनुपस्थित दिवस का वेतन अगले आदेशों तक आहरित न किये जाने के भी आदेश दिये गये हैं।








