निवेशक अपने निवेश धरातल पर उतारें, प्रदेश सरकार हर सम्भव मदद उपलब्ध करायेंगी

राज्यमंत्री कारागार/प्रभारी मंत्री जनपद कौशाम्बी सुरेश राही ने उद्योग बन्धुओं के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उ0प्र0 में निवेश के लिए बहुत अच्छा माहौल बना है, प्रदेश में देश व विदेश के निवेशकों द्वारा बड़े पैमाने पर निवेश किये जा रहें है। जनपद कौशाम्बी में भी लक्ष्य  रूपये 300 करोड़ के सापेक्ष अब तक 110 निवेशकों द्वारा रूपये 1394 करोड़ निवेश के प्रस्ताव प्रस्तुत किये जा चुकें है।  राही ने कहा कि सरकार का दायित्व केवल कार्यकाल पूरा करना नहींं होता, बल्कि एक अच्छी सरकार का दायित्व युवाओं को रोजगार व समाज के सभी वर्गों के साथ ही प्रदेश का सर्वांगीण विकास करना होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्तमान सरकार सभी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के साथ ही युवाओं को रोजगार कैसे मिलें, इसके लिए निरन्तर चिन्ता करती है, जिसके परिणामस्वरूप ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कर निवेश के प्रस्ताव प्राप्त किये गये है, इससे रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे।

 

सुरेश राही ने उपस्थित निवेशकों से निवेश धरातल पर उतारने से संबंधित आ रही समस्याओ को सुनते हुए कहा कि निवेश को धरातल पर उतारें, प्रदेश सरकार हर सम्भव मदद उपलब्ध करायेंगी तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आपकी सभी समस्याओं का समाधान त्वरित गति से किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निवेश मित्रों की भर्ती की जा रही है, जो निवेशकों की सहायता करेंगे। उन्होंने  सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि निवेशकों/व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाय, किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाय, लापरवाही पाये जाने पर सम्बनिधत अधिकारी का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने निवेशकों से कहा कि वे अपने प्रोजेक्ट की पूर्ण रिपोर्ट तैयार कर धरातल पर उतारें, कहीं पर भी समस्या आती है, तो तत्काल अवगत करायें, त्वरित निस्तारण किया जायेगा। जनपद कौशाम्बी में उद्योगों की स्थापना से रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे तथा जनपद का तेजी से विकास भी होगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि उ0प्र0 को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए निरन्तर कार्य किया जा रहा हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर से बेहतर बनाने के साथ ही विद्युत आपूर्ति एवं आधारभूत संरचना-सड़क आदि विकास के कार्य किये जा रहें है। उन्होंने कहा कि जनपद कौशाम्बी की ओडीओपी-केला को बढ़ावा एवं प्रोत्साहित करने के लिए भी अनेक कार्य किये जा रहें है। प्रदेश में नई औद्योगिक निवेश नीति के अन्तर्गत निवेश करने वाले नव उद्यमियों को स्टाम्प ड्यूटी में छूट (बुन्देलखण्ड एवं पूर्वांचल में 100 प्रतिशत), एसजीएसटी प्रतिपूर्ति, पूॅजीगत सब्सिडी एवं ब्याज सब्सिडी, एमएसएमई सेक्टर में गुणवत्ता सुधार को प्रोत्साहन, एमएसएमई सेक्टर में पर्यावरण सुधार के लिए उपायों को प्रोत्साहित करना, इलेक्ट्रीसिटी ड्यूटी में छूट, तकनीकी उन्नयन योजना में छूट, प्रदेश में स्थापित होने वाले नये सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को उनके द्वारा किये गये स्थायी पूंजी निवेश के आधार पर सूक्ष्म इकाईयों को 25 प्रतिशत, लघु इकाईयों को 20 प्रतिशत निवेश प्रोत्साहन सहायता दिया जायेगा एवं प्रदेश में स्थापित होने वाले नये सूक्ष्म उद्योग के लिए पूंजीगत ब्याज उपादान के सम्बन्ध में ऋण पर देय वार्षिक ब्याज का 50 प्रतिशत अधिकतम रू० 25 लाख प्रति इकाई 05 वर्षों के लिये सुविधायें प्रदान की जा रही हैं।

 

निवेशकों द्वारा प्रभारी मंत्री से जनपद में औद्योगिक क्षेत्र को शीघ्र विकसित कर भूखण्ड आवंटित किये जाने, जनपद में यू0पी0 सीडा का कार्यालय खोले जाने एवं विद्युत की बेहतर आपूर्ति आदि सुविधा उपलब्ध कराये जाने का अनुरोध किया गया, जिस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि निवेशकों को हर सम्भव सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage