मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने जी-20 सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने जी-20 सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की।
अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाली जी-20 बैठकों से प्रदेश को अपनी कला, साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक पहचान को विदेशों तक पहुंचाने का व्यापक मंच मिलने जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश की सभ्यता, प्रबंधन, लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार का सुनहरा अवसर है। जी-20 की बैठकों के लिए उत्तर प्रदेश को चुनना हमारे लिये बेहद ही गौरवमयी और बड़ी उपलब्धि का विषय है। इससे राज्य को विश्व स्तर पर नई पहचान मिलेगी। आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिये।
उन्होंने जी-20 सम्मेलन आयोजित होने वाले शहरों में प्रमुख पार्कों, सड़कों आदि का नामकरण जी-20 के नाम पर करने का सुझाव दिया, ताकि आयोजन के बाद भी लोग इसे दीर्घकाल तक याद रखें। उन्होंने कहा कि आने वाले प्रतिनिधिमण्डल के लिये भ्रमण आदि की भी व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करा ली जाये।
उन्होंने कहा कि आयोजन से सम्बन्धित सभी 4 शहरों को एयरपोर्ट से जोड़ने वाली सड़कों के सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा करा लिया जाये। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विस्तृत योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि जी-20 के तहत जो भी विकास कार्य कराये जा रहे हैं, उनमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये, ताकि वह दीर्घकाल तक स्थापित रहें।
उन्होंने कहा कि जी-20 लोगो का अधिकतम प्रचार-प्रसार किया जाये। प्रमुख स्मारकों, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों को प्रकाशमान किया जाये। स्कूल और कॉलेज स्तर की इंवेट्स के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाये। सभी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक स्थलों और खुले पार्कों के सुन्दरीकरण के कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करा लिया जाये।
इससे पूर्व, बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास श्री अमृत अभिजात ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आयोजन से सम्बन्धित सभी 4 शहरों में होने वाले जी-20 सम्मेलन के सम्बन्ध में विस्तृत विवरण व तैयारियों की प्रगति आदि से अवगत कराया।
बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश मेश्राम, सचिव नगर विकास रंजन कुमार, मंडलायुक्त रौशन जैकब सहित सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारी व अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।








