#LDA और स्मारक समिति के 2075 कर्मचारियों ने तिरंगा मोटरसाइकिल रैली में किया प्रतिभाग

75 महिला कर्मियों की अगुवाई में निकली एलडीए की तिरंगा मोटरसाइकिल रैली
‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से दिया गया देश प्रेम व राष्ट्रीय एकता का संदेश
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर 75 महिला कर्मियों की अगुवाई में लखनऊ विकास प्राधिकरण व स्मारक समिति के कर्मचारियों की मोटरसाइकिल तिरंगा रैली शनिवार को बड़ी धूमधाम से निकली। इसमें प्राधिकरण व स्मारक समिति के कुल 2075 कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। रैली के दौरान कर्मचारियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर देश प्रेम व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह 6ः30 बजे सभी कर्मचारी 1090 चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां उन्हें तिरंगा झण्डा व तिरंगा रिबन वितरित किये गए। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कर्मचारियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए उन्हें स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ की बधाई दी। तत्पश्चात उपाध्यक्ष द्वारा झण्डा दिखाकर रैली को रवाना किया गया। रैली की खास बात यह रही कि इसकी अगुवाई प्राधिकरण की 75 महिला कर्मियों द्वारा की गयी और इसमें कुल 2075 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। सभी कर्मचारी अपनी मोटरसाइकिल/स्कूटी पर तिरंगा लगाए हुए थे, साथ ही गले पर तिरंगा रिबन लपेटे हुए थे। कर्मचारियों ने रास्ते भर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर देशप्रेम व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि यह मोटरसाइकिल तिरंगा रैली 1090 चौराहे से शुरू होकर कालीदास मार्ग चौराहा, लाॅरेटो चौराहा से बापू भवन, हजरतगंज चौराहा, सिकन्दरबाद, पुराने डीजीपी आॅफिस होते हुए वापस गोमती नगर स्थित प्राधिकरण भवन में आकर सम्पन्न हुई। प्राधिकरण भवन पहुंच कर सभी कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए एक बार फिर देश भक्ति के नारे लगाए और तिरंगा सेल्फी ली।
रैली में प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी और वित्त नियंत्रक दीपक सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।








