Gold मेडल प्राप्त 12 वर्षीय अनुराग ने संभाली एलडीए वीसी की कुर्सी, इन्द्रमणि त्रिपाठी ने किया पुरस्कृत

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अन्तर्राष्ट्रीय ताइक्वाण्डो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले लविप्रा कर्मचारी के पुत्र मास्टर अनुराग (12) को बुधवार को कार्यालय बुलाकर पुरस्कृत किया। इस दौरान उपाध्यक्ष ने बच्चे का उत्साहवर्द्धन करते उसे भरी बैठक में अपनी कुर्सी पर बैठाया और उससे जनहित गारंटी अधिनियम से सम्बंधित प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करवायी।

स्कूल गेम्स एण्ड एक्टिविटी डेवलेपमेण्ट फाउण्डेशन द्वारा नेपाल के पोखरा शहर में भारत-नेपाल अन्तर्राष्ट्रीय ताइक्वाण्डो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में अण्डर-12 आयु वर्ग में अनुराग वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता है। अनुराग के पिता दीपक कुमार वर्मा लखनऊ विकास प्राधिकरण में कार्यरत हैं। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी को जब इस बात का पता चला कि लविप्रा कर्मचारी के बेटे ने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है तो उन्होंने बच्चे को सम्मानित करने की इच्छा जतायी। बुधवार शाम 4 बजे मास्टर अनुराग अपने पिता व परिवारीजनों के साथ प्राधिकरण भवन पहुंचा तो उपाध्यक्ष उस समय मसउद सभागार में अधिकारियों के साथ जनहित गारंटी अधिनियम से सम्बंधित प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा कर रहे थे। उपाध्यक्ष ने मास्टर अनुराग को सभागार में ही बुलवा लिया और उसे पुष्पगुच्छ, ट्राॅफी, ताइक्वाण्डो किट व स्पोर्ट्स शूज देकर पुरस्कृत किया।

उपाध्यक्ष ने पूछा.. क्या है डाइट
मीटिंग हाॅल में इतने सारे वरिष्ठ अधिकारियों के बीच आकर 12 वर्षीय अनुराग कुछ असहज महसूस कर रहा था। इस पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने उसे अपने बगल में बैठाकर घुलमिल कर बात की और पढ़ाई-लिखाई के साथ ही डाइट के बारे में पूछा। उपाध्यक्ष से प्रोत्साहन मिलने पर बच्चे का मनोबल बढ़ गया और उसने मुस्करा कर सभी सवालों के जवाब दिए। इसके बाद उपाध्यक्ष ने अनुराग को अपनी कुर्सी पर बैठाकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करवायी। बेटे को उपाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा देख घरवालों के चेहरे पर मुस्कान खिल गयी। अनुराग के पिता व माता ने अपने मोबाइल से उसकी फोटो व वीडियो भी बनायी।

 

सर! प्रकरण का निस्तारण जल्द करेंगे
उपाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे मास्टर अनुराग का बैठक में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने ताली बजाकर स्वागत किया। इसके बाद अनुराग ने डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी की मदद से बैठक की कार्यवाही को आगे बढ़ाया। इस दौरान सभी अधिकारियों ने मास्टर अनुराग को वीसी सर कहकर सम्बोधित किया और उसके समक्ष प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में बताया गया कि पिछले एक सप्ताह में नामांतरण के 78 और फ्री-होल्ड के 16 प्रकरणों का निस्तारण किया गया है। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले सप्ताह तक सभी पुराने प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करा लिया जाए।

 

इस दौरान सचिव पवन कुमार गंगवार ने निर्देशित किया कि अगली बैठक से पहले रिफंड के सभी मामले शून्य कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि देवपुर पारा योजना के ई0डब्ल्यू0एस0 और एल0आई0जी0 के आवंटियों को अविलम्ब ब्याज सहित रिफंड किया जाए।

Related Articles

Back to top button
btnimage