#LDA NEWS: मानचित्र समाधान दिवस में 35 प्रकरणों का हुआ निस्तारण

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर गुरुवार को प्राधिकरण भवन में मानचित्र समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मानचित्र से सम्बंधित 35 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

 

लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम (ओ.बी.पी.एस) पर मानचित्रों के निस्तारण के सम्बन्ध में शासन द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार को मानचित्र समाधान दिवस का आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में आज गुरुवार को गोमती नगर के विपिन खण्ड स्थित लखनऊ विकास प्राधिकरण भवन के भूतल स्थित कमेटी हाॅल में मानचित्र समाधान दिवस का आयोजन प्रातः 11:00 बजे से अपरान्ह 2ः00 बजे तक किया गया। इस मौके पर मानचित्र अनुभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनके द्वारा जन सामान्य की समस्या की सुनवाई की गई।

 

अधिशासी अभियंता- मानचित्र सेल भूपेंद्र वीर सिंह ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए लोग कैंप में पहुंचे। इस दौरान कुल 35 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसमें से गोमती नगर, सुशांत गोल्फ सिटी, पटेल नगर-आलमबाग, जानकीपुरम, ओरो सिटी और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के 14 मानचित्र स्वीकृत किए गए। इसके अलावा 8 मानचित्र निर्गत किए गए, जबकि 12 प्रकरणों में आपत्तियों का निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि 1 मामला साफ्टवेयर से सम्बन्धित था, जिसके निराकरण के लिए मेसर्स साफ्टेक के प्रतिनिधि को निर्देशित किया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage