अखिलेश यादव की सरकार में बिजली के तारों पर सूखते थे कपड़े : केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमलावर रूख जारी रखते हुए कहा कि इन तीनों दलों का ही एक मक़सद है लोगों को बांटकर सत्ता हासिल करके लूट का धंधा चालू करना। इसके लिए ज़रूरी होता है कि गुंडों, माफिया और अपराधियों के साथ साठगांठ कर उनकी पीठ पर सवार होना, जिसमें यह तीनों दल माहिर हैं और उस्ताद हैं। लेकिन डबल इंजन की सरकार ने केंद्र और यूपी में उनका खेल बिगाड़ दिया है।

अपने चुनावी अभियान में आगरा के फ़तेहपुरी सीकरी में भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल चौधरी के पक्ष में जनसभा संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि सपा के गुंडों और माफ़ियाओं की गिद्ध दृष्टि किसानों की ज़मीन पर है। लेकिन भाजपा उनकी चाल को सफल नहीं होने देगी। मौर्य ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के एजेडें में गरीब, किसान और युवा नहीं रहता।
उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस जब सरकार में होते हैं तो इनका एजेंडा भ्रष्टाचार होता है, इनका एजेंडा गुंडे, माफियाओं और अपराधियों का संरक्षण करना होता है। इनके एजेंडे में गरीब और किसान कभी नहीं रहता। नौजवान कभी नहीं रहता। महिलाओं को स्वावलंबन के साथ आगे बढ़ने का मौका मिले यह कभी नहीं रहता। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और बसपा की लगातार 15 साल की सरकार में केवल अंधेरगर्दी के सिवा कुछ नहीं किया और राज्य को अंधेरे में ढकेल दिया। लेकिन सिर्फ पांच साल में हमारी सरकार ने राज्य की तस्वीर बदल दी।

उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि समस्या को पहचानना और उसका निदान करना ही भाजपा का लक्ष्य है। 2022 तो केवल ट्रेलर है जिसे आप देख चुके हो लेकिन 2022 से 2027 में तो असली फिल्म दिखाएंगे। विकास कैसे होता है, गांव-गांव, गरीब, किसान तक केन्द्र व प्रदेश की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी भारत सरकार के बजट से जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत हर घर तक नल से जल पहुंचाने का काम शुरु है। बुंदेलखंड लगभग पूरा हो गया है और आगरा ही नहीं पूरे क्षेत्र में मीठा पानी पहुंचाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरा करेगी।

केशव मौर्य ने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि आप मेरा शीश नहीं झुकने देना और मैं भी आपका शीश नहीं झुकने दूंगा। भाजपा को फिर भारी जीत दिलाइये। उन्होंने कहा कि यूपी की 24 करोड़ जनता के लिए भाजपा सुरक्षा की गारंटी है और सपा का गठबंधन खतरे की घंटी। उन्होंने जनता से सवाल किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने से पहले कितने घंटे बिजली मिलती थी और अब कितनी मिलती है। चुनाव में मुद्दा होता था बिजली नहीं आती है इस बार विपक्ष की हिम्मत नहीं कि पूंछ सके कि बिजली कहां है। वह दावा करते हैं कि 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे। केशव मौर्य ने इस दावे पर यह तंज कसा कि अखिलेश यादव की सरकार में बिजली के तारों पर यूपी के लोग कपड़े सुखाते थे क्योंकि लोगों को मालूम था कि बिजली तो आएगी ही नहीं।

Related Articles

Back to top button
btnimage