केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने गाजीपुर में जन विश्वास यात्रा को सम्बोधित किया

गाजीपुर से निकली भाजपा की जन विश्वास यात्रा मंगलवार को तीसरे दिन चंदौली जनपद में गाजीपुर के रास्ते दाखिल हुई। जन विश्वास यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर और प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। यात्रा सकलडीहा विधानसभा के चहनियां क्षेत्र में पहुंची। यहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर जन विश्वास यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने कहा जन विश्वास यात्रा का मकसद जनता के बीच जाना और जनता का भरोसा जीतना है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जन जन को अवगत कराना है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि अखिलेश की सरकार के कारनामों से जनता वाकिफ है। उनके चहेतों की गुंडागर्दी, माफियाराज, दंगाराज और लूटतंत्र ने केवल प्रदेश गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और दलितों के हक को लूटने का ही काम किया है। आज जनता को बीजेपी पर विश्वास है इसलिए अखिलेश का मनोबल गिरा हुआ है। इसलिए वे अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि अखिलेश की सरकार ने पूरे पांच साल में प्रदेश में केवल 18000 आवास दिए। डबल इंजन की सरकार ने 42 लाख से ज्यादा आवास देने का काम किया है। हमारी सरकार ने गरीब कल्याण पैकेज दिया। अखिलेश की सरकार ने केवल जनता के हक पर डाका ही डाला था। 2017 के बाद प्रदेश का माहौल बदला है। उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि अगर बीजेपी की सरकार न होती तो मुफ्त राशन, मुफ्त में इलाज की सुविधा भी न मिलती।








