दिव्यांगजन हेतु आश्रय गृह सह-प्रशिक्षण केन्द्रों के संचालन के लिए 83,32,800 रू. मंजूर

उत्तर प्रदेश सरकार ने उ0प्र0 में मानसिक मंदित एवं मानसिक रूप से बीमार निराश्रित दिव्यांगजन हेतु आश्रय गृह सह-प्रशिक्षण केन्द्रों के संचालन के लिए स्वैच्छिक संगठनों को अनुदान योजना के तहत द्वितीय किश्त के रूप में 83,32,800 रूपये मंजूर कर दी है। मंजूर की गयी धनराशि व्यय की स्वीकृति सहित निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को उपलब्ध करा दी गई है।
इस सम्बन्ध में जारी शासनादेश के अनुसार इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में स्वीकृत अनुदान प्रस्तावों के सापेक्ष 16 स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रथम किश्त के उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्राप्त होने के पश्चात् ही द्वितीय किश्त की धनराशि मंजूर की गई है। यह धनराशि वर्तमान वित्तीय वर्ष हेतु मंजूर की गई है। इस धनराशि का आय एवं व्यय आवश्यकता एवं नियमानुसार किये जाने का पूर्ण दायित्व निदेशक, दिव्यांगजन, सशक्तीकरण विभाग का होगा।
आदेशानुसार जिन 16 स्वैच्छिक संस्थाओं के लिए ये धनराशि मंजूर की गई है उनमें मिलन ग्रामीण जन कल्याण समिति रामपुर, उपासना जन कल्याण समिति बरेली, रूरल इन्फारमेटिव एण्ड सोशल हारमोनी एकेडमी सुल्तानपुर,लक्ष्मी सर्व विकलांग सेवा समिति गोरखपुर, अमर जन कल्याण सेवा हापुड़, स्नेह वेलफेयर सोसाइटी लखनऊ, आधुनिक विद्या मंदिर एवं जूनियर हाई स्कूल समिति इटावा, प्रभात ग्रामोद्योग सेवा संस्थान बदायूॅ, पाल मर्सी होम ब्रहम विद्या मन्दिर लखनऊ, आस्था समाज सेवा संस्था बरेली, लक्ष्मी नारायण ग्रामोद्योग विकास समिति बदायूॅ, शकुन्तला देवी खादी ग्रामोद्योग सेवा संस्थान बरेली, प्रेमधाम धर्मार्थ संस्था बिजनौर, विकलांग कल्याण सेवा समिति बदायूॅ, लकी हेल्थ डेवलपमेन्ट एण्ड सोशल वेलफेयर सोसाइटी कन्नौज, एवं सर्व हिताय संस्थान बदायूॅ, शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक स्वैच्छि संस्था को 5,20,800 रूपये की धनराशि द्वितीय किश्त के रूप में मंजूर की गई है।








