आज से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 12 से 25 जुलाई तक चलेगा दस्तक अभियान

लखनऊ।
विगत तीन वर्षाें की भाॅति इस वर्ष भी संचारी रोगों की रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया जायेगा। प्रदेश के समस्त जनपदों में 01 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 25 जुलाई, 2021 तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा। दिमागी बुखार के नियंत्रण में प्रभावी भूमिका अदा करने वाले दस्तक अभियान में इस बार फाइलेरिया का एम0डी0ए0 कार्यक्रम और क्षय रोगियों के चिन्हीकरण का कार्य भी किया जायेगा।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थय अमित मोहन प्रसाद ने यह जानकारी देते हुए अवगत कराया है कि इस बार के अभियान में गत वर्ष 2020 में संचालित की गयी सभी गतिविधियाॅ शामिल रहेंगी। इस बार दस्तक अभियान में ग्राम निगरानी समिति फ्रंट लाइन वर्कर्स-आशा, आंगनबाड़ी, कार्यकत्री का सहयोग करेंगी। निगरानी समिति के पास इस बार बच्चों के लिए बनायी गयी कोविड किट उपलब्ध रहेगी। इस किट में उपलब्ध दवाइयों को कोविड के अतिरिक्त अन्य बीमारियों जैसे बुखार आदि में भी प्रयोग किया जा सकेगा।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि इस एक माह के अभियान में विविध विभाग जैसे नगर विकास, पंचायती राज तथा ग्राम विकास, पशुपालन, शिक्षा, कृषि, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सिंचाई, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग तथा चिकित्सा एवं स्वास्थय और चिकित्सा शिक्षा विभाग विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करेंगे। लोगों को संक्रामक रोगों के प्रति संवेदीकृत करते हुए बचाव एवं रोकथाम के लिए जागरूकता का विशेष कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया अभियान में शामिल सभी विभाग गतवर्षों की भाॅति इस वर्ष भी कार्ययोजना बनाकर वृहद स्तर पर कार्यों को सम्पादित करेंगे।








