सपा सरकार के कारनामें ही उनकी हार का कारण : स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा के गरीब व साधारण परिवारों के कार्यकर्ताओें के जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचन से लाठी तंत्र व धन तंत्र का सपाई नेक्सस ध्वस्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश हिंसा, अपराध, परिवारवाद, जातिवाद और भ्रष्टाचार को नकार कर तरक्की की राह पर बढ़ चला है। 

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा सरकार में सपाई लाठी तंत्र से जिला पंचायत सदस्यों को जबरन अपहरण करके बंधक बनाया गया और उनके सर्टिफिकेट जबरन जब्त किए गए। वहीं धनतंत्र की पोटली खुली तो चुनाव जीतने के लिए करोड़ो रूपये लुटा दिए गए। सपा सरकार में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए धन और हिंसा के नेक्सस से खुलेआम लोकतंत्र की धज्ज्यिां उड़ाई गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार ने कानून का राज स्थापित किया और भयमुक्त उत्तर प्रदेश में आज गरीब व साधारण परिवार के लोग जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए है। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया व लोकतांत्रिक मूल्यों की विजय के साथ ही गरीब व वंचित वर्ग की विजय भी है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में शोहदों को खुली छूट दी गई, सत्ता संरक्षित अपराध व भ्रष्टाचार की कार्य संस्कृति विकसित हुई। बेरोजगारों से छल, कानून की लाचारी, अवैध कब्जे और गुण्डों से डरी हुई बेचारी जनता ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए सपा को सत्ता से बेदखल किया। सपा सरकार के कारनामें ही उनकी हार का कारण है।  

Related Articles

Back to top button
btnimage