झांसी सहित बुंदेलखंड के अन्य जिलों की घरौनी वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका

झांसी। आज सुनील कुमार सचिव पंचायती राज विभाग, भारत सरकार  ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से पंचायतीराज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राजस्व विभाग उ0प्र0 की देखरेख में संचालित नवीनतम ड्रोन प्रोद्यौगिकी के उपयोग से ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों का सर्वेक्षण एवं अभिलेखीकरण सहित निर्विवाद उत्तराधिकार को खतौनी में दर्ज कराए जाने हेतु वरासत अभियान के कार्य की समीक्षा करते हुये कहा कि स्वामित्व योजना भारत/प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, अतः किये जाने वाला कार्य संवेदनशील होकर किया जाये ताकि कार्य त्रुटिरहित हो और समय से पूर्ण किया जा सके।           

सचिव पंचायती राज विभाग, भारत सरकार ने कहा कि घरौनियों का वितरण दिनांक 15 अगस्त 2021 में किया जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इस दिन प्रदेश के लगभग 11000 घरौनी वितरण किया जाएगा, घरौनी वितरण कार्यक्रम में झांसी सहित बुंदेलखंड के समस्त जिलों की महती भूमिका है। अतः बुंदेलखंड के समस्त जिले अपने अधिसूचित गांवों में शत-प्रतिशत घरौनी वितरण की तैयारी कर लें।           

सचिव पंचायती राज विभाग भारत सरकार ने कहा कि जहां-जहां मैप-1 प्राप्त हो गये है, वहां पड़ताल करते हुए सभी कार्यवाही पूर्ण करें और मैप भारत सरकार को वापस भेजा जाना  जिलाधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि घरौनियां वितरण का सभी जिलों को लक्ष्य आवंटित किया जा चुका है, सभी जिले लक्ष्यपूर्ति हेतु कार्य गम्भीरता से पूर्ण करें ताकि 15 अगस्त को जिलों में घरौनियां वितरण का कार्य किया जा सके।            

उन्होने वीसी के माध्यम से बताया कि स्वामित्व योजना की पीएमओ के माध्यम से लगातार माॅनीटरिंग की जा रही है, अतः ऐसे जिले जहां घरौनी वितरण लंबित है, वहां समय सारणी बनाते हुए घरौनी वितरण कार्यक्रम सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 जनपद जहां ड्रोन सर्वे सहित सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं वहां 15 अगस्त 2021को घरौनी वितरण कार्यक्रम किया जाएगा सभी तैयारियां पूर्ण कर लें।     

वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने जनपद में स्वामित्व योजना के अन्तर्गत किये गये कार्यो की जानकारी देते हुये कहा कि 206 गांव में 1 सप्ताह में 5753 घरौली का वितरण सुनिश्चित कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में 53000 घरौनी के सापेक्ष लगभग 47000 घरौनियों का वितरण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने बताया कि शेष 408 गांव में शत-प्रतिशत घरौनी वितरण का कार्यक्रम 15 अगस्त 2021 को किया जाएगा। 

वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा आयोजित घरौनी वितरण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 676 गांव मैं ड्रोन सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, उन्होंने विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सचिव पंचायती राज भारत सरकार को दी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2021 को 408 अवशेष गांवो में वितरण होने वाली घरौनियों के संबंध में सभी कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं। जनपद के सभी गांवों में शत-प्रतिशत घरौनियों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।      

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी बी प्रसाद, राजस्व निरीक्षक धनेन्द्र तिवारी  उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage