विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर #CMO के निर्देशन में चलाया गया हस्ताक्षर अभियान

लखनऊ। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजय भटनागर के निर्देशन में कोविड कमांड सेंटर व कन्ट्रोलरूम तथा बलरामपुर चिकित्सालय में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिसमें लोगों को तम्बाकू तथा तम्बाकू के उत्पादों का प्रयोग करने के कारण होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया।
इसके आलावा वहां पर उपस्थित लोगों को सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोटपा अधिनियम, 2003) की धाराओं के बारे में भी बताया गया। यह अधिनियम सार्वजानिक स्थानों और स्कूलों के आस-पास बीडी-सिगरेट व अन्य तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाता है।
इस अभियान में लोगों को बलरामपुर अस्पताल में स्थापित तम्बाकू नियंत्रण कक्ष के बारे में भी जानकारी दी गयी। जो लोग तम्बाकू, बीड़ी -सिगरेट छोड़ना चाहते हैं उनके लिए तम्बाकू नियंत्रण कक्ष में परमर्शदाता की नियुक्ति की गयी है जो निःशुल्क परामर्श देते हैं। ऐसे लोगों को दवाइयां भी दी जाती हैं और तम्बाकू, बीड़ी –सिगरेट के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाता है।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० अजय राजा, उप मुख्य चिकित्सा धिकारी डॉ० मिलिंद वर्धन, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी तम्बाकू नियंत्रण कक्ष के डॉ०मयंक चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थिति थे और सभी ने तंबाकू ना प्रयोग करने की शपथ ली।







