कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक ललितपुर में संपन्न

यूपी सीएम न्यूज़।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक ललितपुर के होटल आर्यन इन हाईवे में संपन्न हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र निर्माण करने के लिए बनी है। हमें भारत को आत्मनिर्भर भारत बनाना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति को मिल रहा है और इससे भ्रष्टाचार पर रोक लग रही है। गांव, गरीब, किसान, शोषित, पीड़ित, वंचित, महिलाओं एवं युवाओं समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकारें काम कर रही हैं। उन्होंने लखनऊ में हाल ही में किए गए एक टेंपो चालकों के कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पर एक टेंपो चालक ने मोदी जी की सरकार के लिए कहा कि यह सरकार अति उत्तम कार्य कर रही है और उसने उदाहरण दिया कि उसको एक पक्का आवास केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत मिला और जिसमें एक भी पैसे का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। उन्होंने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां हम लोग जोर-शोर से कर रहे हैं। यह आगामी विधानसभा चुनाव का रिहर्सल जैसा है और हम निश्चित रूप से पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव की भांति पंचायत चुनाव में भी जीत हासिल करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में हम पहले से भी अधिक मतों से जीत कर उत्तर प्रदेश में पुनः अपनी सरकार बनाने वाले हैं।
प्रदेश महामंत्री और क्षेत्र की प्रभारी प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बूथ स्तर तक काम करने वाली पार्टी है और हमें निरंतर कार्यक्रम करते हुए बूथ पर जाना है और धरातल पर काम करना है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने पिछली कार्यसमिति के बाद से हुए कार्यक्रमों का वृत्त दिया तथा उन्होंने बताया कि लगभग सारे बूथों पर भारतीय जनता पार्टी के बूथ गठन का सत्यापन हो चुका है और उन्होंने आए हुए सभी अतिथियों एवं कार्य समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री राम किशोर साहू ने किया।







