लोकदल प्रदेश में आयोजित करेगा जागो भारत जागो आंदोलन

यूपी सीएम न्यूज़।
लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा है कि प्रदेश में एक मुहीम चलाया जाएगा जागो भारत जागो आंदोलन के नाम से। यह आंदोलन लोगों को जागरूक करने के लिए चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हो या प्रदेश का शासन, देश का अवाम महंगाई से त्रस्त है। हर महीने रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। सरकार के पास महंगाई को नियंत्रित करने का कोई फार्मूला नहीं है। इससे रोज कमाने-खाने वाले वर्ग के लोग दो समय का भोजन नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में सरकार ने कोई युवा रोजगार नीति का सृजन नहीं किया। इस कारण लाखों युवा बेरोजगार हैं। मोदी सरकार, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से लोन के दबाव में ऐसी नीतियां तय कर रही हैं जिससे देश की आर्थिक संप्रभुता खतरे में पड़ रही है। यही कारण है कि रुपया का लगातार अवमूल्यन हो रहा है। भ्रष्टाचार पर कोई लगाम नहीं होने से सरकारी मशीनरी के लोग आम जनता का शोषण करने में लगे हैं। लोकसेवक सरेआम रिश्वत ले रहे हैं। लेकिन सरकार का इस पर कोई अंकुश नहीं है।
उन्होंने लोकदल के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे विधानसभा स्तर पर जागो भारत जागो आयोजित कर भाजपा सरकार की नीतियों का पर्दाफाश करें।







