ठण्ड के मौसम में जरूरतमंद को कम्बल उपलब्ध करना बहुत ही सराहनीय कार्य : डॉ. दिनेश शर्मा

लखनऊ 08 जनवरी।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने जानकीपुरम स्थित किसान सामुदायिक केंद्र में ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित कम्बल वितरण अभियान में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस अवसर पर 600 लोगों को कंबल वितरित किया गया।
उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि ममता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा इस ठण्ड के मौसम में जरूरतमंद को कम्बल उपलब्ध करना बहुत ही सराहनीय कार्य है। कोरोना के कारण लाकडॉउन में भी जानकीपुरम एवं उत्तर विधान सभा के लोगों ने जनसेवा में भी महती भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भगवान के लिए सबसे प्रिय वह होता है, जो अपने लिए नहीं बल्कि दूसरों के लिए कार्य करता है। इसलिए वह व्यक्ति जो दूसरों की सेवा के लिए कार्य करता है वह ईश्वर के सबसे निकट होता है। साधनहीन व्यक्तियों की मदद करना समाज सेवा के साथ ही पूण्य का कार्य भी है।
कंबल वितरण कार्यक्रम के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक नीरज बोरा एवं ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी राजीव मिश्रा, पार्षद खुशबू मिश्रा, दीपक मिश्रा, राकेश पांडेय, सर्वेश सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।






