मुख्यमंत्री 06 जनवरी को लखनऊ के सरोजनीनगर विकास खण्ड के अन्तर्गत ग्राम दादूपुर से किसान कल्याण मिशन का शुभारम्भ करेंगे

लखनऊ 05 जनवरी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 06 जनवरी, 2021 को जनपद लखनऊ के सरोजनीनगर विकास खण्ड के अन्तर्गत ग्राम दादूपुर से किसान कल्याण मिशन का शुभारम्भ करेंगे। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से किसान कल्याण तथा कृषकों की आमदनी दोगुना करने का यह प्रदेशव्यापी अभियान विकास खण्ड स्तर पर संचालित किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि किसान कल्याण मिशन के तीन मुख्य भाग होंगे। इसके अन्तर्गत कृषि व सहवर्ती सेक्टर की वृहद प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस दौरान विभिन्न कृषि तकनीकों के प्रदर्शन की व्यवस्था की जाएगी। किसानों को योजनाओं की सम्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए किसान गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कृषि कल्याण योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को मौके पर लाभान्वित करने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के समस्त विकासखण्डों में किसान कल्याण मिशन का क्रियान्वयन तीन सप्ताह में पूरा किया जायेगा।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage