मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना का संज्ञान लिया

गाजियाबाद 03 जनवरी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हर सम्भव मदद पहुंचायी जाए। उन्होंने हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मृतकों के आश्रितों को 02-02 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मण्डलायुक्त, मेरठ एवं ए0डी0जी0, मेरठ जोन को घटना के सम्बन्ध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।








