सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने दिया आश्वासन, किसानों ने मांगा समाधान

झांसी।
किसानों की ओर से जिला प्रशासन को सिंचाई विभाग की क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया गया था जिसका विभाग ने संज्ञान नहीं लिया। किसानों की ओर से सिंचाई विभाग में जाकर भी ज्ञापन दिया गया था 3 दिन का अल्टीमेटम दिया था। विभाग के संज्ञान ना लेने पर आक्रोशित किसानों ने सिंचाई विभाग में डेरा जमा लिया। इसके बाद अधिकारी वार्ता को पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को समझा व स्वीकार किया। उन्हें आश्वासन दिया कि समस्याओं का समाधान होगा। वही किसानों ने कहा अब आश्वासन नहीं समाधान चाहिए। समस्या के समाधान तक वह डटे रहेंगे।
किसान रक्षा पार्टी के बैनर तले गांधी उद्यान में चल रहे आंदोलन के दौरान सिंचाई विभाग की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था 3 दिन बाद भी सिंचाई विभाग नहीं जागा तो किसानों ने सिंचाई विभाग जाकर ज्ञापन दिया। 3 दिन का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद भी सिंचाई विभाग ने किसानों से कोई वार्ता नहीं की तो नगर मजिस्ट्रेट ने सिंचाई विभाग से वार्ता को कहा इसका भी असर विभाग पर नहीं हुआ। किसान पांचवें दिन अपना टेंट लेकर सिंचाई विभाग पहुंच गए। तब अधिकारियों ने वार्ता की पेशकश की, दूसरे दिन देर शाम अधीक्षण अभियंता अंबुज द्विवेदी व अभियंता सिद्धार्थ कुमार अमीन आदि के साथ आंदोलन स्थल पर वार्ता को पहुंचे।
उन्होंने किसानों की समस्याओं को सुना व स्वीकार किया। तत्काल अपने अधीनस्थों को उक्त मामलों के तत्काल समाधान के लिए कार्यवाही प्रारंभ करने के आदेश दिए। वही किसानों ने कहा कि वह आश्वासन कई सालों से ले रहे हैं इस बार समाधान लेकर जाएंगे। वहीं एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने किसान नेता गौरीशंकर से वार्ता कर मांगों पर सहानुभूति व्यक्त की। किसानों को सर्दी से बचाव के लिए हर संभव मदद का आश्वासन प्रशासन की ओर से दिया। किसान रक्षा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरी शंकर बिदुआ ने कहा कि समस्याओं के समाधान तक किसान सिंचाई विभाग में अपना डेरा जमाए रहेंगे। इस अवसर पर मुदित चिरवारिया ,शिरोमणि सिंह राजपूत, अमर सिंह ,पप्पू पाल, मुन्ना चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।






