समाज कल्याण राज्यमंत्री ने डा0 भीमराव आम्बेडकर पी0जी0 छात्रावास हजरतगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया

लखनऊ 17 दिसम्बर, 2020।
उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास में कोई भी अवैध रूप से छात्र नही रहे इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। छात्रावास में छात्रो को रहने की व्यवस्था नियमानुसार होनी चाहिए और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान रखते हुए सफाई आदि की व्यवस्था बेहतर ढंग से की जाये इसमे किसी प्रकार की लापरवाही नही की जानी चाहिए।
यह निर्देश उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री डा0 जी0एस0 धर्मेश ने आज समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित डा0 भीमराव आम्बेडकर पी0जी0 छात्रावास हजरतगंज के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होने डा0 भीमराव आम्बेडकर पी0जी0 छात्रावास हजरतगंज के किचन जहाॅं अभी खाना नही बन रहा है और शौचालय तथा छात्रावास की गैलरी आदि का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान गैलरी, शौचालय व किचन में गंदगी पायी जिस पर उन्होने नाराजगी व्यक्त की और छात्रावास के अधीक्षक को कडे निर्देश दिये है कि छात्रावास में शौचालय सहित छात्रावास परिसर की साफ-सफाई सही ढंग से करायी जाये इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी। उन्होने जिला समाज कल्याण अधिकारी लखनऊ को निर्देश दिया कि छात्रावास मे जिन छात्रो को कमरा अवटित है वही छात्र रहे इसके अलावा और कोई छात्र नही रहे इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। जो छात्र जिस भी आवंटित कमरे में रह रहा है तो उनका नाम, फोन नम्बर, सहित पूरा विवरण रखा जाये इसका भी ध्यान रखा जाये।
समाज कल्याण राज्य मंत्री डा0 जी0एस0 धर्मेश ने छात्रावास में मौजूद छात्रों से वार्ता की तो छात्रों द्वारा बताया गया कि छात्रावास में पानी की टंकी की सफाई, पुस्तकालय बन्द है जिसे खुलवाने, पीने के पानी की सही व्यवस्था कराये जाने की बात कही गई। जिस पर राज्यमंत्री ने जिला समाज कल्याण अधिकारी लखनऊ एवं छात्रावास के अधीक्षक को निर्देश दिया है कि छात्रो द्वारा टंकी की सफाई, पुस्तकालय खुलवाने, व्ययामशाला खुलवाने आदि की जो भी बाते बतायी गई है उन पर विचार करते हुए शीघ्र ही नियमानुसार कार्यवाही की जाये। निरीक्षण के दौरान छात्रावास के कर्मचारी एवं छात्र आदि उपस्थित थे।







