गोंडा में कृषि महाविद्यालय (कैंपस) के निर्माण हेतु 300 लाख रुपये स्वीकृत

गोंडा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय फैजाबाद के अंतर्गत जनपद गोंडा में कृषि महाविद्यालय (कैंपस) के निर्माण हेतु रुपए 300.00 लाख निर्गत किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह जानकारी विशेष सचिव कृषि अनिल ढींगरा ने देते हुए बताया कि कृषि विभाग द्वारा इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विशेष सचिव कृषि अनिल ढींगरा ने बताया कि आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय फैजाबाद के अंतर्गत जनपद गोंडा में कृषि महाविद्यालय कैंपस के निर्माण की लागत 2806.74 लाख रुपये के सापेक्ष 1600 लाख रुपये पूर्व में निर्गत किये जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में स्वीकृत अवशेष धनराशि 1206.74 लाख रुपये के सापेक्ष यह धनराशि रू0 300.00 लाख निर्गत की गई है।
विशेष सचिव कृषि ने बताया कि शासन द्वारा जारी आदेश में निर्देशित किया गया है कि जारी की जा रही धनराशि का आहरण तभी किया जाएगा, जब पूर्व में स्वीकृत धनराशि का शत प्रतिशत उपभोग सुनिश्चित कर लिया जाए। निर्माणाधीन कैंपस को तय अवधि में पूर्ण किये जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।







