इण्डियन रेड क्रास सोसाइटी द्वारा लोगों की मदद किया जाना प्रशंसनीय : डाॅ0 अर्चना तिवारी

लखनऊ।
आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा डाॅ0 अर्चना तिवारी ने इण्डियन रेड क्रास सोसाइटी, उ0प्र0 राज्य शाखा द्वारा प्रदेश में बाढ़ से एवं कोविड-19 महामारी से प्रभावित पांच जनपदों- सीतापुर, अम्बेडकरनगर, अयोध्या, बाराबंकी एवं हरदोई हेतु 05 रेड क्रास वाहनों युक्त उपलब्ध करायी गयी राहत सामग्री को मुख्य सचिव आवास से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि इण्डियन रेडक्रास सोसाइटी, उ0प्र0 राज्य शाखा द्वारा समय-समय पर जनमानस एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद किया जाना अत्यंत प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने आकांक्षा समिति की तरफ से महासचिव, इण्डियन रेड क्रास सोसाइटी, उ0प्र0 राज्य शाखा डाॅ0 हिमा बिन्दु नायक को पीड़ितों की मदद के लिए आवश्यकतानुसार आर्थिक मदद प्रदान किये जाने का भी आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोविड-19 महामारी से पूरा विश्व पीड़ित है, और ऐसे समय में सोसाइटी द्वारा महामारी से बचाव हेतु राहत सामग्री पहुंचाया जाना मानवीय दृष्टिकोण से सर्वोत्तम कार्य है।
बाढ़ राहत सामग्री में साड़ी, तिरपाल, टेन्ट, सूती कम्बल, रसोई सेट, मच्छरदानी एवं कोविड-19 से बचाव हेतु फेस शील्ड, मास्क, सेनेटाइजर, गलब्ज़ उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर आकांक्षा समिति एवं रेड क्रास सोसाइटी की पदाधिकारी, सदस्यगण आदि उपस्थित रहीं।








