अवैध #शराब के कारोबार में लिप्त 214 लोग गिरफ्तार, 11 वाहन जब्त

यूपी सीएम न्यूज़।
अवैध #शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम हेतु आबकारी विभाग द्वारा निरन्तर प्रवर्तन कार्यवाही किया जा रहा है। विगत सप्ताह प्रदेश में कुल 790 मुकदमे पकड़े गये, जिसमें 25,862 ली. अवैध शराब बरामद की गयी तथा मदिरा निर्माण में प्रयुक्त होने वाले 96,298 कि0ग्रा0 लहन को मौके पर नष्ट किया गया। अवैध मदिरा के कार्य में संलिप्त 214 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 11 वाहनों को जब्त किया गया।
यह जानकारी देते हुए अपर मुख्य सचिव आबकारी संजय आर0 भूसरेड्डी ने बताया कि मुख्यालय प्रयागराज की ई0आई0बी0 टीम द्वारा जनपद प्रतापगढ़ में एक ट्रक में कोयले की बोरियों की आड़ में छिपा कर लाई जा रही हरियाणा राज्य निर्मित 296 पेटी विदेशी मदिरा बरामद की गयी। जनपद भदोही में दबिश देकर एक मकान से 10 ड्रमों में कुल 2000 ली0 अवैध रेक्टिफाइड स्प्रिट एवं 04 मोटर साइकिल बरामद किया गया तथा 07 व्यक्तियों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया गया। जनपद गौतमबुद्ध नगर में देशी शराब दुकान सालेपुर में अपमिश्रित शराब बरामद कर दुकान के अनुज्ञापी एवं विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया तथा दुकान को निलम्बित करते हुए निरस्तीरण की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद एटा में एक कन्टेनर से 50 पेटी हरियाणा राज्य निर्मित विदेशी मदिरा बरामद करते हुए 02 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया।








