UPCM NEWS, PM मोदी ने वाराणसी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM NEWS, PM-मोदी ने जनपद वाराणसी में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के एम.पी. थियेटर स्टेडियम में 557.39 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद कार्यक्रम में उपस्थित जनता को सम्बोधित किया।
प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई परियोजनाओं में पुराने काशी क्षेत्र में 36200 लाख रुपये का शहरी विद्युत सुधार कार्य, 8461 लाख रुपये की लागत से डी.डी.यू.जी.जे.वाई. के अन्तर्गत 3722 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य, 990 लाख रुपये की धनराशि से डी.डी.यू.जी.जे.वाई. के अन्तर्गत सिंगल फेज के 90 हजार मीटर लगाने का कार्य, 280 लाख रुपये की लागत से डी.डी.यू.जी.जे.वाई.के अन्तर्गत 33 के.वी. विद्युत उपकेन्द्र बेटावर का निर्माण, डी.डी.यू.जी.जे.वाई. के अन्तर्गत 258 लाख रुपये की धनराशि से 33 के.वी. विद्युत उपकेन्द्र कुरूसातों का निर्माण, 274.15 लाख रुपये की नागेपुर ग्राम पेयजल योजना एवं 2000 लाख रुपये की लागत वाले अटल इन्क्यूबेशन सेन्टर का उद्घाटन और 1200 लाख रुपये की धनराशि से काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में वैदिक विज्ञान केन्द्र की स्थापना व 3800 लाख रुपये लागत के रीजनल इन्स्टीट्यूट आफ आॅपथेल्मोलाॅजी का शिलान्यास शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वाराणसी का विकास यहां की सांस्कृतिक परम्परा को संजोते, पौराणिकता को बचाते हुए किया जा रहा है। काशी नगरी की अनन्त काल की पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिकता का समावेश किया जा रहा है। चार वर्षों के कार्यों से दिख रहे बदलाव पर सन्तोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से विकास को नई दिशा देने में सफलता मिली है।
स्थानीय बनारसी बोली में अपने सम्बोधन की शुरुआत करने के उपरान्त प्रधानमंत्री ने कहा कि आज करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। विकास कार्य शहर के साथ-साथ आस-पास के गांव से भी जुड़े हैं। इनमें किसानों, बुनकरों, शिल्पकारों को नये अवसर से जोड़ने की योजनाएं हैं। BHU को 21वीं सदी का महत्वपूर्ण नाॅलेज सेन्टर बनाने के प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं।
PM-मोदी ने कहा कि बिजली के झूलते तारों के अन्डर ग्राउण्ड होने से बनारस अब अधिक सुन्दर दिखने लगा है। वाराणसी को पूर्वी भारत के गेटवे के रूप में विकसित करने का प्रयास हो रहा है। यहां 21वीं सदी के अनुरूप ट्रांसपोर्ट, मेडिकल, शिक्षा सहित सभी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। LED लाइट की रोशनी से काशी जगमगा रही है। इससे करोड़ों रुपये की बिजली की बचत भी हुई है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में रिंग रोड का कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। हरहुआ से गाजीपुर फोर लेन सड़क, हरहुआ से चन्दौली नये सर्किट का निर्माण और गंगा पर नया पुल बनेगा। वाराणसी नगर के अन्दर एवं बाहर सड़को का विस्तार किया जा रहा है। इससे आस-पास के जिलों सहित बिहार, मध्य प्रदेश, झारखण्ड आदि राज्यों को लाभ होगा।

PM-मोदी ने कहा कि पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण, बाबतपुर-कचहरी मार्ग के निर्माण, सारनाथ क्षेत्र के विकास एवं लाइट एण्ड साउण्ड के कार्य आदि से पर्यटकों में भारी वृद्धि हुई है। बाबतपुर हवाई अड्डे पर 4 वर्ष पूर्व 8 लाख पर्यटक आते थे, अब 21 लाख पर्यटक आते हैं। स्मार्ट बनारस में स्मार्ट परिवर्तन दिख रहा है। इंटीग्रेटेड कमाण्ड कन्ट्रोल सेन्टर बन रहा है। मल्टी माॅडल टर्मिनल का काम पूरा हो गया है। कैण्ट, मण्डुवाडीह, सिटी रेलवे स्टेशनों की भव्य तस्वीर दिखती है। उन्होंने कहा कि जब लोग सोशल मीडिया पर कैण्ट स्टेशन का फोटो पोस्ट करते है, तो अच्छा लगता है। वाराणसी शहर के सौन्दर्य को निखारा गया है। गंगा में क्रूज की व्यवस्था हो गई है। हेरिटेज का गौरव बढ़ा है। कुण्डों की सफाई एवं उसका सौन्दर्यीकरण हुआ है। विदेशों में भी काशी की प्रशंसा हो रही है। प्रधानमंत्री जी ने काशी में संचालित एवं पूर्ण हो चुके अनेक विकास कार्याें का नाम लेकर विस्तार से उल्लेख किया।
आगामी जनवरी में वाराणसी में आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा समस्त व्यवस्था की जा रही है। लेकिन काशीवासी अतिथियों का ऐसा स्वागत-सम्मान करें कि प्रवासी भारतीय जीवन भर याद रखें तथा काशी के टूरिस्ट एम्बेस्डर बन जाये। उन्होंने कहा कि गंगा की सफाई के लिए गंगोत्री से गंगा सागर तक 21 हजार करोड़ रुपये की 200 परियोजनाएं संचालित हैं। वाराणसी में सीवर ट्रीटमेंट प्लाण्ट परियोजना संचालित है। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत नागेपुर, जयापुर, ककरहिया एवं डोमरी में विकास व कल्याणकारी कार्य हो रहे हैं। वाराणसी को पूर्वी भारत का मेडिकल हब बनाने की कार्यवाही की जा रही है। नये अस्पताल बन रहे हैं। पहले से संचालित चिकित्सालयों का सुदृढ़ीकरण एवं विस्तारीकरण हो रहा है। प्रदेशवासियों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने के लिए UPCM को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि 23 सितम्बर, 2018 से यह योजना पूरे भारत में लागू होगी। इसमें गरीब को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय का सपना था कि एक ही परिसर में प्राचीन ज्ञान और आधुनिक शिक्षा एक साथ उपलब्ध हो। देश के 80 करोड़ युवाओं को अटल इन्क्यूबेशन सेन्टर तथा वैदिक विज्ञान सेन्टर नई ऊर्जा देंगे। इनके माध्यम से वेद और वर्तमान को जोड़ने का प्रयास किया गया है। अटल इन्क्यूबेशन सेन्टर के सफल संचालन में स्टार्टअप इण्डिया, स्टैण्डअप इण्डिया जैसी योजनाएं मददगार सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि वाराणसी का हस्तशिल्प विश्व प्रसिद्ध है। इसके संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य हो रहे हैं। 8 हजार लोगों के घरों में पाइप लाइन से कुकिंग गैस पहुंच चुकी है। इसे 40 हजार परिवारों में पहुंचाने का कार्य हो रहा है। उज्ज्वला योजनान्तर्गत जनपद वाराणसी में 60 हजार गैस कनेक्शन दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि यहां के सांसद होने के नाते पाई-पाई और पल-पल का हिसाब जनता को देना उनकी जिम्मेदारी है।

इससे पूर्व, प्रधानमंत्री ने कुम्हारीकलाॅ के लाभार्थी विनोद प्रजापति को विद्युत चालित चाक, ओकारनाथ प्रसाद को मधुमक्खी पालन का बाॅक्स प्रतीक स्वरूप वितरित किये। PM और UPCM ने BHU कैम्पस में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। मंच पर सर्वप्रथम महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया। इस अवसर पर BHU की छात्राओं ने कुलगीत गाया। इस मौके पर लोकार्पित व शिलान्यास हुई विकास परियोजनाओं की वीडियो क्लिप भी दिखाई गयी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए UPCM ने कहा कि प्रधानमंत्री का काशी से भावनात्मक रिश्ता है। काशी में 4 वर्षो में प्रधानमंत्री द्वारा कराये गये विकास कार्य दिखाई देते है, जिसे आम लोग महसूस करते हैं। राज्य सरकार ने डेढ़ वर्ष की अवधि में पं. दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना में 72 हजार गांवों एवं मजरो का विद्युतीकरण कराया है। साथ ही, 52 लाख परिवारों को सौभाग्य योजना में बिजली कनेक्शन मिले है। सुदूर गांवों के गरीब जिन्होंने कभी बिजली नहीं देखी, उनका घर भी आज LED बल्ब की रोशनी में जगमग है। बिना भेदभाव के विकास कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय महामना मदन मोहन मालवीय जी की साधना स्थली है। अटल इक्यूबेशन सेन्टर यहां के युवाओं, अनुसूचित जाति, महिलाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़कर स्टार्टअप व स्टैण्डअप से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।

सांसद डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने भी प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए काशी से प्रधानमंत्री के लगाव एवं काशी में उनके द्वारा कराये गये ऐतिहासिक विकास कार्यों का उल्लेख किया।








