UPCM ने बहराइच भ्रमण के दौरान प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश(बहराइच)।
UPCM ने अपने जनपद बहराइच भ्रमण के दौरान निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज भवन, कृषि उत्पादन मण्डी समिति में संचालित धान क्रय केन्द्रों, पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन और एक्सीलरेटेड लर्निंग कैम्प का निरीक्षण किया।

UPCM ने निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल काॅलेज भवन के निर्माण कार्य का सघन निरीक्षण करते हुए मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिये कि इसके कार्यों में तेज़ी लाकर इसे समय से पूर्ण करायें। उन्होंने निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज के सम्पूर्ण माॅडल का अवलोकन कर मौके पर मौजूद अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

UPCM ने राजकीय मेडिकल काॅलेज भवन के निरीक्षण के उपरान्त कृषि उत्पादन मण्डी समिति में क्रय संस्था मार्केटिंग व एफसीआई द्वारा संचालित धान क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय विकास खण्ड हुजूरपुर के ग्राम पिपरिया महिपाल के कपिल देव सिंह व चित्तौरा के ग्राम कमोलिया के किसान स्वामी दयाल पाण्डेय का धान खरीदा जा रहा था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक की गयी धान की खरीद और उसके सापेक्ष किये गये भुगतान, उपलब्ध इलेक्ट्रानिक तराज़ू, नमी मापक यन्त्र इत्यादि का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिये कि किसानों को सरकार द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें और उनसे नियमानुसार धान की खरीद की जाय। उन्होंने कहा कि किसानों के शोषण से सम्बन्धित किसी भी शिकायत को पूरी गम्भीरता के साथ लिया जायेगा और दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। गल्ला मण्डी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रय केन्द्र पर मौजूद किसानों और राइस मिलर्स से भी वार्ता कर जनपद में चल रहे धान खरीद कार्य का फीडबैक प्राप्त किया।

UPCM ने इसके पश्चात पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन और एक्सीलरेटेड लर्निंग कैम्प का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा जाकर बच्चों से पुस्तकें पढ़वायीं तथा कविता भी सुनी। उन्होंने शिक्षण स्टाफ को निर्देश दिये कि शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार लायें।

UPCM ने एक्सीलरेटेड लर्निंग कैम्प का भी निरीक्षण किया और वहां पढ़ रहे दिव्यांग बच्चों के साथ समय व्यतीत किया। उन्होंने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिये कि यहां पर निवासरत बच्चों को सभी सुविधाएं प्रदान की जायें।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








