UPCM ने प्रभारी मंत्री को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा और पीड़ितों की हर सम्भव सहायता के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश (आगरा)।
UPCM ने कहा है कि ओलावृष्टि, आंधी, तूफान एवं आकाशीय बिजली गिरने से प्रभावित जनपदों के प्रभारी मंत्री आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जाकर हालात का जायजा लें तथा पीड़ितों की हर सम्भव सहायता करें।
यह जानकारी राज्य सरकार के प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि 22 प्रभावित जनपदों में जनहानि के मामले में राहत सहायता वितरण का प्रतिशत 95.89 है। इसी प्रकार घायल व्यक्तियों के लिए राहत सहायता 78.02 प्रतिशत और पशु हानि के सम्बन्ध में 96.27 प्रतिशत है। जनपद आगरा में जनहानि के सम्बन्ध में राहत सहायता का वितरण 98 प्रतिशत तथा घायल व्यक्तियों एवं पशु हानि के सम्बन्ध में शत-प्रतिशत है।
प्रवक्ता ने कहा कि UPCM के निर्देशानुसार आपदा से प्रभावित परिवारों को मानक के अनुसार 24 घण्टे के भीतर राहत सहायता प्रदान किए जाने के क्रम में 3 मई शाम 07 बजे तक 73 जनहानि के सापेक्ष 70, घायल 91 के सापेक्ष 71 तथा 134 पशु हानि के सापेक्ष 123 प्रभावित परिवारों को अहेतुक सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। शेष प्रभावित परिवारों को देर रात्रि अथवा कल तक अहेतुक सहायता राशि का वितरण कर दिया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि मकान क्षति एवं फसल की क्षति का वास्तविक आकलन दिनांक 04 मई 2018 की सायं 06 बजे तक उपलब्ध कराने हेतु समस्त जिलाधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।








