UPCM ने गोरखपुर में 16 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने इस अवसर पर 4727.96 लाख रुपये की 13 निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास और 869.67 लाख रुपये की 03 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। कुल 5597.63 लाख रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ। UPCM ने गोरखपुर में ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा’, ‘दस्तक’ तथा ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारम्भ करते हुए कहा कि जे.ई./ए.ई.एस. से बचाव के लिए दस्तक अभियान को जनान्दोलन बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह विचार को-आॅपरेटिव इण्टर काॅलेज, पिपराइच में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वाहन किया कि वे इस अभियान से जुड़ें ताकि दिमागी बुखार से लड़ाई में उत्तर प्रदेश को पूरी सफलता मिले। उन्होंने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ में कोई बच्चा स्कूल में नामांकन से छूटना नहीं चाहिए।

UPCM ने कहा कि जे.ई./ए.ई.एस. के विरुद्ध संचालित अभियान में ग्राम प्रधान को नेतृत्व करना चाहिए तथा सभी ग्राम स्तरीय कर्मचारी ANM, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, कोटेदार, लेखपाल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी घर-घर जाकर लोगों को दिमागी बुखार के प्रति सजग करें तथा लक्षण एवं उपचार की जानकारी दें। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस अभियान में यूनीसेफ भी जुड़ गया है।

UPCM ने कहा कि जे.ई. से बचाव के लिए टीका मौजूद है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जनपद में छूटे हुए 86 हजार बच्चों को 15 दिन में टीका लगा दिया जायेगा। AES से बचाव के लिए कोई टीका नहीं है। इसलिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए जनपद के प्रत्येक ग्राम, कस्बे, नगर में स्वच्छता अभियान संचालित करें।

UPCM ने कहा कि वर्ष 2017 में टीकाकरण एवं स्वच्छता अभियान के चलते जे.ई./ए.ई.एस. से मुत्यु दर 25 से घटकर 11 प्रतिशत रह गयी थी। इस वर्ष सघन अभियान चलाकर मृत्यु दर जीरो पर लाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल, सी.एच.सी. एवं पी.एच.सी. में बेड, वार्मर एवं वेन्टीलेटर की सुविधाएं बढ़ाई गयी है। प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था की गयी है। गोरखपुर जनपद में ही 30 हजार स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने रामरक्षा, आशुतोष सिंह, रीता गुप्ता, ए.एन.एम., कमला, कालिन्दी मौर्या को स्वच्छता किट प्रदान की।

UPCM ने कहा कि गोरखपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के पहले दिन 1000 बच्चों का स्कूल में नामांकन हुआ है। यह प्रसन्नता की बात है। उन्होंने सभी बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नये सत्र से बच्चे NCERT की पुस्तकें पढ़ेंगे, जो पब्लिक स्कूलों में पढ़ाई जाती हैं।

UPCM ने कहा कि वर्ष 2016 में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 1.36 करोड़ बच्चों का नामांकन हुआ था, जिनकी संख्या वर्ष 2017 में बढ़कर 1.54 करोड़ हो गयी। हर छात्र-छात्रा को दो सेट डेªस, बैग, किताबें, जूता, मोजा दिया जाता है। उन्होंने अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की कि स्कूलों को गोद लें और उनका कायाकल्प करें। इस अवसर पर उन्होंने कक्षा एक के बीस विद्यार्थियों-गरिमा, गुंजा, पार्वती, शिखा, तनु, मोहनी, राधा, साक्षी, नैना, रितिका, अभय यादव, सिद्धार्थ कुमार, शिवम, भीम कुमार, विष्णु, सलमान, आदित्य, अर्चना को स्कूल बैग, किताबें एवं ड्रेस दी। उन्होंने 45 विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा प्रचार वाहनों और 05 स्कूल चलो अभियान प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

UPCM ने पिपराइच के सुभाषनगर में मलिन बस्ती का निरीक्षण किया। उनकी उपस्थिति में पिछले अभियान में छूटे चार बच्चों-आंशिका एवं अर्पिता पुत्री राजकुमार, श्रेया पुत्री सोमनाथ एवं तनवीर पुत्र इनाम अली को जे.ई. का टीका लगाया गया। बस्ती के कुल 30 बच्चों को टीका लगाया गया। UPCM ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिपराइच के OPD/इमरजेंसी में बने प्रतीक्षालय का फीता काटकर उद्घाटन किया एवं OPD/इमरजेंसी का निरीक्षण करते हुए वहां की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने अस्पताल के वार्डों का सघन निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई एवं दवाओं की उपलब्धता को देखा एवं चिकित्सा प्रणाली को बेहतर से बेहतर बनाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उन्होंने विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़े के अन्तर्गत टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने तैनात चिकित्सक को वहीं पर रात्रि विश्राम के भी निर्देश दिये।

कार्यक्रम को प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि 9 विभागों के संयुक्त तत्वावधान में दस्तक अभियान संचालित किया जा रहा है। गोरखपुर तथा बस्ती मण्डल के 7 जिलों में 617 JE/AES गांव में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जायेगा। पीडिएट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) की संख्या 102 से बढ़ाकर 202 की गयी है। दोनों मण्डल के 60 लाख घरों में दस्तक अभियान चलेगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage