UPCM आगरा के S.N मेडिकल काॅलेज और जिला चिकित्सालय में आपदा में घायल लोगों से मुलाकात की

उत्तर प्रदेश (आगरा)।
UPCM ने जनपद आगरा के S.N मेडिकल काॅलेज और जिला चिकित्सालय जाकर आंधी-तूफान की आपदा में घायल लोगों से मुलाकात की। जनपद के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के पश्चात् UPCM ने तहसील-खेरागढ़ के ग्राम बुरहरा व तहसील-फतेहाबाद के ग्राम शाहबेद में जाकर आपदा प्रभावित लोगों व मृतक के परिजनों को राहत धनराशि के चेक वितरित किए। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना भी दी। साथ ही, सदर तहसील के ग्राम धांधूपुर जाकर विद्युत तार गिरने से मृतक के परिजनों को भी सांत्वना दी।

इसके पश्चात, UPCM ने खेरिया एयरपोर्ट पर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक में आपदा प्रभावित लोगों के राहत और पुनर्वास हेतु अधिकारियों को व्यापक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा से सर्वाधिक प्रभावित गांवों व पीड़ित परिवारों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से विशेष अभियान चलाकर लाभान्वित किया जाए। आपदा से प्रभावित ऐसे लोग, जो प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आच्छादित नहीं हैं तथा जिन्हें अन्य आवासीय योजनाओं से भी आवास नहीं मिला है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत लाभान्वित किया जाए।

UPCM ने कहा कि ऐसे लोग जिनके मकान क्षतिग्रस्त हैं, और गिर सकते हैं, उन्हें भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा सकता है। शहरी क्षेत्रों में जहां जमीन उपलब्ध है, वहां भी प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास दिए जा रहे हैं। उन्होंने विद्युत विभाग से क्षतिग्रस्त पोलों व बाधित विद्युत आपूर्ति की जानकारी प्राप्त की और निर्देशित किया कि 10 मई 2018 तक विद्युत लाइनें निश्चित रूप से ठीक करा दी जाएं। उन्होंने विशेष हिदायत दी कि क्षतिग्रस्त विद्युत खम्भों में विद्युत आपूर्ति न होने पाये, जिससे कोई घटना न घटे।
UPCM ने निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित तहसीलों जहां सड़कों पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गये हैं, उन्हें तत्काल हटवाया जाए। जिन क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां पर टैंकर आदि से पेयजल की व्यवस्था की जाय। रिबोर हैण्डपम्पों की समीक्षा कर ली जाए। ऐसे परिवार जिनके आवास पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये हों और रहने की व्यवस्था नहीं है, ऐसे प्रभावित परिवारों को रहने की व्यवस्था की जाए। साथ ही, साथ खाद्यान्न सामग्री व तेल आदि उपलब्ध कराया जाए।

UPCM ने कहा कि मौसम विभाग की एडवाइजरी के अनुसार लोगों व पशुओं के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था कर ली जाए। आपदा आने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध करायी जाए। राहत और बचाव कार्यों में स्वयं सेवी संगठनों का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि S.N मेडिकल काॅलेज और जिला अस्पताल में आपदा से घायल लोगों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, भोजन की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था भी की जाए।

UPCM ने कहा कि जनपद की आपदा प्रभावित तहसीलों में राजस्व और विद्युत देयों की वसूली स्थगित करा दी जाए। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्र के निराश्रित विवाह योग्य कन्याओं का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत कराने, दिव्यांगजन को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और पात्रों को विभिन्न पेंशन योजनाओं के अन्तर्गत आच्छादित करने के भी निर्देश दिए।
UPCM ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत लोगों को समय से मुआवजा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। फसल व बागवानी को हुई क्षति का आकलन कराकर प्रभावित लोगों को सहायता दी जाए। गेहूँ क्रय केन्द्रों के संचालन के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए उन्होंने कहा कि तिलहन व दलहन के क्रय केन्द्रों की व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए।

UPCM S.N मेडिकल काॅलेज पहुंचकर प्राकृतिक आपदा में घायलों का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। भर्ती लोगों में से पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत शीघ्र लाभान्वित कराये जाने के निर्देश दिए। वार्ड सं. 3 में भर्ती कमेन्द्र, पायल व अन्य बच्चों से UPCM ने बात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए स्वस्थ होने के बाद प्रतिदिन विद्यालय जाने के लिए भी प्रेरित किया।

ग्राम बाद निवासी एक ही परिवार के तीन बच्चों आसू, दिव्यांश और दिव्यांशी (जिसमें से दिव्यांशी की उम्र केवल 05 माह थी) को देखकर UPCM भावुक हो गये। उन्होंने परिवार को ढांढ़स बंधाया तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने अन्य सभी घायलों के पास जाकर उपचार व अन्य सुविधाओं के विषय में जानकारी ली। UPCM ने मेडिकल काॅलेज के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि घायलों का अच्छे से अच्छा उपचार किया जाए। इसके साथ उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई विशेष तौर पर किए जाने तथा मरीजों के बेड की चादर इत्यादि प्रतिदिन बदले जाने के निर्देश भी दिए। इसके पश्चात् UPCM ने जिला अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को उपचार की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
UPCM ने तहसील खेरागढ़ के ग्राम बुरहरा में मृतकों के परिजनों तथा घायलों को आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने मृतक सुन्दरलाल, विवेक, देव के परिजनों को 04-04 लाख रुपये के तहत कुल 12 लाख रुपये, घायल धर्मवीर, सुहाना, सुधा को 04 हजार 300 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से कुल 12 हजार 900 रुपये तथा 17 व्यक्ति जिनके मकान तथा आवास से लगी पशुशाला क्षतिग्रस्त हुयी थी, उन्हें कुल 69 हजार 800 की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।

UPCM ने फतेहाबाद-तहसील अन्तर्गत जंगजीत उ.मा. विद्यालय गढ़ी हीरालाल शाहवेद में आए भयंकर चक्रवाती तूफान से हुई जनहानि, त्रासदी से पीड़ित व्यक्तियों के परिवारों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दैवीय आपदा से पीड़ित परिवारों के दुख-दर्द में साथ खड़ी है, दैवीय आपदा के मृतकों को वापस तो नहीं लाया जा सकता लेकिन प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी। राज्य सरकार की पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना है। प्रभावित क्षेत्र फतेहाबाद, खेरागढ़ में राजस्व, विद्युत की वसूली स्थगित रहेगी। क्षेत्र में फसल, बागवानी, पशुधन के हुए नुकसान का एक सप्ताह में सर्वे कराकर पीड़ित किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर मुआवजे की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
UPCM ने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ है और उन्हें हर सम्भव मदद दिलायी जायेगी। किसी भी पीड़ित को मुआवजा पाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि चक्रवाती तूफान के बाद जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर राहत उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत 98 प्रतिशत पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि चक्रवाती तूफान से लगभग 800 विद्युत के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिस कारण विद्युत आपूर्ति बाधित है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि सर्वोच्च प्राथमिकता पर नए पोल स्थापित कर विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चक्रवात के कारण नीम, बबूल, पीपल, बरगद, आम के बड़े-बड़े पेड़ उखड़ गए हैं, जिस कारण कई मार्गों पर आवागमन बाधित हुआ है जिन्हें तत्काल हटाया जा रहा है।

UPCM ने चक्रवाती तूफान में दीवार गिरने से मृतक 12 वर्षीय नरेद्र एवं 5 वर्षीय कुमारी संजना के माता-पिता से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। चक्रवाती तूफान में मुकेश के चार बच्चे दीवार में दब गए थे, जिसमें से 02 की मृत्यु हो गई थी, 02 घायल हैं। मृतक दोनों बच्चों के परिजनों को 04-04 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई जा चुकी है। UPCM ने पंचम सिंह, धारा सिंह, लक्ष्मण सिंह, भूरी सिंह पुत्र परेन्द्र सिंह, देवी सिंह, मनीष, सुरेन्द्र कुमार, मनोहर सिंह, भूरी सिंह पुत्र मनोहर सिंह, सुनील कुमार, बटेश्वर, शारदा देवी, ओमप्रकाश, लोकेन्द्र को 5200-5200 रुपये और मुकेश को 9500 रुपये की राहत राशि के चेक प्रदान किए।

UPCM ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि चक्रवाती तूफान से घायल हुए लोगों को निःशुल्क, बेहतर उपचार मुहैया कराया जाएगा। इस हेतु स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि चक्रवर्ती तूफान से जिसका जो भी नुकसान हुआ है उसे तत्काल राहत राशि मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद फतेहपुर सीकरी चौधरी बाबूलाल, विधायकगण महेश गोयल, डाॅ. जी.एस. धर्मेश, चौधरी उदयभान सिंह, रामप्रताप चैहान, योगेन्द्र उपाध्याय, रानी पक्षालिका सिंह, पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह, श्याम भदौरिया और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








