UPCM ने वीर शिवाजी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

उत्तर प्रदेश।
UPCM और उत्तर प्रदेश राज्यपाल राम नाईक ने छत्रपति वीर शिवाजी की जयंती के अवसर पर लखनऊ यूनिवर्सिटी परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर शिवाजी की जन्मस्थली शिवनेर से शिवज्योत भी लायी गयी थी।

UPCM ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी की वीरता और प्रशासनिक क्षमता अद्भुत थी। शिवाजी ने हमेशा विपरीत परिस्थितियों में अपने शौर्य और पराक्रम का लोहा मनवाया। शिवाजी का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के आयोजकों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अपने इतिहास को जीवन्त बनाये रखने का यह प्रयास सराहनीय है।

UPCM ने कहा कि शिवाजी हिन्द स्वराज की स्थापना के लिए हमेशा संघर्षरत रहे और अपने दुर्गाें की रक्षा के लिए परिवारवाद को कभी जगह नहीं दी। उनकी यह शिक्षा वर्तमान परिवेश के लिए भी संदेश है। UPCM ने कहा कि शिवाजी ने तत्कालीन समय के अनुरूप गुरिल्ला युद्ध नीति अपनायी थी। उन्होंने नौसेना भी तैयार की, जिसके कारण उन्हें भारतीय नौसेना का जनक माना जाता है। आम-जन में ‘स्व’ का भाव पैदा करना उनका मुख्य उद्देश्य था, जो आज भी हमें राष्ट्रीयता को मजबूत करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद लालजी टण्डन, विधायक नीरज बोरा, मराठा समाज के कार्यकर्ता और आम जनता मौजूद रही।








