संयुक्ता भाटिया ने मरीजों के तीमारदारों हेतु आवासीय भवनों का किया उदघाटन

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत औरंगाबाद जागीर में 40 की संख्या में प्रदर्शन आवासीय भवन (डिमोन्स्ट्रेटिव भवन) निर्मित किए गए है। इन भवनों का निर्माण जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा किया गया तथा संचालन हेतु नगर निगम लखनऊ को हस्तगत किया गया है।

एस.जी.पी.जी.आई. तथा आसपास के अस्पतालों के मरीजो एवं अन्य व्यक्तियों को आवास सुविधा प्रदान किए जाने के उद्देश्य से निर्मित उपरोक्त आवासों का उदघाटन महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया जी द्वारा किया गया।

इन भवनों के निर्माण का उद्देश्य एस.जी.पी.जी.आई. तथा आसपास के अस्पतालों में भर्ती मरीजो के तीमारदारो एवं अन्य व्यक्तियों को किराये पर देकर उनको आवास की सुविधा प्रदान करना है। उक्त आवासीय भवनो में टॉयलेट, बाथरूम सहित दो बेडरूम निर्मित है। तीमारदारो की सुविधा हेतु उक्त भवन में बेड, तकिया, चादर तथा दो कुर्सी सेंटर टेबल सहित पूर्व से स्थापित कर दी गयी है। प्रत्येक भवन में किचेन भी निर्मित किया गया है। तीमारदार द्वारा किचेन का उपयोग न करने की दशा में परिसर में स्थापित कैन्टीन का प्रयोग किया जा सकता है। कैन्टीन में भी समस्त आवश्यक चाय-पान व भोजन की व्यवस्था की गयी है।

इन भवनों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्रथम आगत एवं प्रथम प्रदत्त (फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व) के आधार पर आरक्षित किया जायेगा। उपरोक्त आवासीय भवनों का किराया रु. 150 प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। उक्त आवासों के रखरखाव हेतु नगर निगम लखनऊ द्वारा केयर टेकर तथा प्रबंधन हेतु प्रबंध समिति का गठन किया गया है।

इस अवसर पर बोलते हुए महापौर संयुक्ता भाटिया जी ने कहा की इन भवनों के निर्माण से मरीजों के तीमारदारों को अब मात्र 150 रुपए में ही रहने की बेहतर सुविधा मिल जाएगी।पूरे प्रदेश से मरीज यहाँ इलाज को आते है और उनके तीमारदारों को रहने के लिए भी होटल या लाज लेना पड़ता है जिससे उनका अतरिक्त व्यय बढ़ता है।इसके शुरू हो जाने से अब मरीजों के तीमारदारों को बेहद कम शुल्क में ही रहने और खाने की सुविधा मिल जाया करेगी।

महापौर द्वारा उक्त भवनों का उद्घाटन करते हुए दो तीमारदारो को भवन की चाभियां हस्तगत की गयी। इस मौके पर महापौर संग नगर आयुक्त अजय द्विवेदी, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी व हर्षित दीक्षित, अपर नगर आयुक्त अभय पाण्डेय, अर्चना द्विवेदी, राकेश कुमार यादव, जोन-8 के जोनल अधिकारी संगीता कुमारी, कर अधीक्षक, नगर अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहें।

Related Articles

Back to top button
btnimage