#LDA बांटेगा आश्रयहीन योजना में रहने वाले बच्चों को कलर किट और मिठाई: रोशन जैकब

लखनऊ 08 अगस्त 2022
लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डा0 रोशन जैकब ने सोमवार को प्राधिकरण भवन स्थित सभागार में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की वे आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और इस राष्ट्रीय उत्सव को यादगार बनाने में सहयोग दें। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रयहीन योजना में रहने वाले बच्चों को कलर किट व मिठाई बांटी जाए। इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
ल0वि0प्रा0 अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डा0 रोशन जैकब ने कहा कि आजादी अमृत महोत्सव के तहत 14, 15 व 16 अगस्त 2022 को हजरतगंज में कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एक सांस्कृतिक मंच भी बनेगा, जिसमें नृत्य, संगीत व नाटक के मंचन समेत विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले आर0डब्ल्यू0ए0 के पदाधिकारियों को इस मंच पर बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 1090 चौराहे के पास एक खुला मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहां आर0डब्ल्यू0ए0 के लोग अपने स्तर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सप्ताह में सभी आर0डब्ल्यू0ए0 अपने-अपने अपार्टमेंट/कालोनी में भव्य सजावट करवाएं। साथ ही अपने क्षेत्र में रहने वाले 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वृद्धजनों को सम्मानित करें और उनके हाथों से ध्वजारोहण करवाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण व नगर निगम द्वारा सभी क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाएगी। इस क्रम में आर0डब्ल्यू0ए0 की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा।
मण्डलायुक्त ने बैठक में उपस्थित आर0डब्ल्यू0ए0 के प्रतिनिधियों से भी उनके सुझाव मांगे। इसमें जानकीपुरम, सेक्टर-9 क्षेत्र के पदाधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा प्रभात फेरी व वृद्धजन सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही नगर निगम के सफाई कर्मियों के सम्मान में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन भी करवाया जाएगा। वहीं, पारिजात अपार्टमेंट के आर0डब्ल्यू0ए0 ने 50 हजार रूपये के आर्थिक योगदान देने की घोषणा करते हुए बताया कि उनके द्वारा अपार्टमेंट में कवि सम्मेलन और रंगोली आदि कार्यक्रम का आयोजन कराया जाएगा।
बैठक में समस्त आर0डब्ल्यू0ए के पदाधिकारियों द्वारा प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी की कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी। पदाधिकारियों ने बताया कि उपाध्यक्ष ने इतने कम समय में साफ-सफाई की व्यवस्था को पटरी पर ला दिया। इसके अलावा वर्षों से लंबित विकास कार्यों को रफ्तार देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर वर्षों से काबिज अवैध कब्जे/अतिक्रमण को हटाया गया। इस मौके पर अध्यक्ष डॉ0 रोशन जैकब ने भी उपाध्यक्ष महोदय द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अन्य अधिकारियों का भी उत्साहवर्द्धन किया गया।
अध्यक्ष डॉ0 रोशन जैकब ने आर0डब्ल्यू0ए0 के पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने अपार्टमेंट्स में सजावट व कार्यक्रमों की छोटी-छोटी वीडियो क्लिप बनाकर व्हाट्स एप ग्रुप पर भेजे। बाद में इन सभी वीडियो क्लिप को एक साथ संकलित करके एक फिल्म बनायी जाएगी, जिसका प्रसारण 1090 चौराहे पर लगी स्क्रीन पर कराया जाएगा।

बैठक में प्राधिकरण के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह व उप सचिव माधवेश कुमार समेत अन्य अधिकारी व आर0डब्ल्यू0ए0 के पदाधिकारी उपस्थित रहे।









