ग्राम पंचायत विकास योजना 2023-24 के अन्तर्गत जनपद स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण की समिति की बैठक आयोजित

लखनऊ 10 अक्टूबर 2022
जिलाधिकारी, लखनऊ की अध्यक्षता में 10 अक्टूबर 2022 को कलेक्ट्रेट स्थित डा० ए०पी०जे०अब्दुल कलाम सभागार में ग्राम पंचायत विकास योजना 2023-24 के अन्तर्गत जनपद स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण की समिति की बैठक आयोजित की गयी है।

बैठक में 02 अक्टूबर 2022 से 15 दिसम्बर 2022 के मध्य ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की दो बैठको का अनिवार्य रूप से आयोजन कराये जाने के निर्देश दिये गये। ग्राम सभा की बैठको में प्रत्येक ग्राम पंचायत द्वारा सतत् विकास लक्ष्यों के अन्तर्गत चयनित 09 विषयों में से कम से कम 01 तथा अधिकतम 03 विषयों को चयनित करते हुए कार्ययोजना का निर्माण किया जाना है।

जिलाधिकारी द्वारा यह निर्देश दिये गये है कि बैठको के आयोजन से पूर्व समस्त ग्राम पंचायतों व ग्राम पंचायतों के विकास में सहयोग प्रदान करने वाले समस्त विभागों की जानकारी व जागरूकता हेतु ग्राम पंचायत विकास योजना वित्तीय वर्ष 2023-24 के उद्देश्य नियोजन प्रक्रिया के समस्त चरणों पर एक वीडियों फिल्म व विवरण पुस्तिका को ग्रामीण जनमानस व विभागों तक वितरित किया जाय, जिससे कि समस्त विभाग व ग्रामवासी ग्राम पंचायत विकास योजना निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सके।

उक्त से साथ ही ज़िलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि समस्त आवश्यक एवं महत्वपूर्ण जानकारियों को जनपद की वेबसाइट पर फीड किया जाए। उन्होंने बताया कि हमे जनपद की वेबसाइट को जनपद की विकिपीडिया बनाना है। जनपद की तमाम आवश्यक जानकारी, आवश्यक सूचनाएं, स्कूलों, कालेजो व शिक्षण संस्थानों की सूची सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को जनपद की वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाए। साथ ही गूगल मैप का प्रयोग करते हुए वर्चुअल ग्राम बनाए उसमे कलर कोडिंग करते हुए पेयजल पाइप लाइन, सीवर लाइन, सड़क के नेटवर्क के डायग्राम को सुपर इम्पोज करते हुए जनपद की वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित विभागों के विभागाध्यक्ष को निर्देश दिये गये कि ग्राम पंचायत विकास योजना वर्ष 2023-24 तैयार होने से पूर्व विभाग से सम्बंधित समस्त बिन्दुओं का ग्राम पंचायतवार चिन्हांकन करते हुए नियोजन प्रक्रिया में सम्मिलित करायें, जिससे कि ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास हो सके। ग्राम पंचायत विकास योजना के निर्माण हेतु आवश्यक बैठकों का नियमानुसार आयोजन किया जाये। जिस हेतु निर्देशित किया गया कि बैठको की तिथि निर्धारित करते हुए ग्राम पंचायतवार रोस्टर निर्गत कर दिया जाय ।

Related Articles

Back to top button
btnimage