मुख्य सचिव ने जर्मन हैंगर के तहत निर्मित ‘अपोलोमेडिक्स कोविड अस्पताल’ का उद्घाटन किया

लखनऊ।
मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी द्वारा जर्मन हैंगर के तहत निर्मित ‘अपोलोमेडिक्स कोविड अस्पताल’ का उद्घाटन किया गया।
उन्होंने उद्घाटन करने के उपरान्त अपने सम्बोधन में कहा कि कोरोना महामारी के समय में फ्रन्ट लाइन योद्धा के रूप में चिकित्सकों द्वारा सामने आकर लोगों की जान बचाया जाना सराहनीय कार्य है। उन्होंने अपोलोमेडिक्स सुपर स्पेशियालिटी, अस्पताल की तारीफ करते हुए कहा कि केवल 05 दिन में पूर्ण रूप से विकसित कोविड अस्पताल बनाया जाना, एक साहसिक एवं अद्भुत कार्य है। उन्होंने कहा कि हाई एण्ड वाटर प्रूफ जर्मन हैंगर के तहत बनाए गए इस अस्पताल के अन्तर्गत गंभीर रूप से बीमार कोविड रोगियों की उच्च देख-भाल करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जिस तरह से कोविड के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं, यहां एक कोविड यूनिट बनाये जाने की आवश्यकता थी।
मुख्य सचिव ने कोरोना महामारी के दौरान कंधे से कंधा मिलाकर एवं आगे बढ़कर चिकित्सकों द्वारा किये गये जा रहे कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि रोगियों का इलाज करने के साथ-साथ चिकित्कसकों को अपनी सेहत एवं महामारी से बचाव हेतु सजग रहकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में महामारी से बचाव हेतु चिकित्सकों द्वारा सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करते हुए अपनी एवं अपने परिवार का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के अन्दर कोविड से पीड़ित मरीजों की मृत्यु के उपरान्त, मृत शरीर को उनके परिजनों को अधिक से अधिक 01 घन्टे के भीतर सौंपा जाए।
अपोलोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के प्रबन्ध निदेशक और सीईओ डाॅ0 मयंक सोमानी ने बताया कि अपोलो अस्पताल हमेशा अपने कार्य के लिए प्रतिबद्ध रहा है और इस महामारी की अवस्था में भी सभी चिकित्सक मिलकर रोगियों को उच्च गुणवत्तायुक्त इलाज प्रदान करने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में जहां हमारे अस्पताल के अन्दर कोई अलग इमारत या ब्लाॅक नहीं है जिसे हम कोविड वार्डों में डिजाइन कर पाते इसलिए हमने एक अलग कोविड अस्पताल बनाने की दिशा में अपना एक कदम आगे बढ़ाया है। कोविड अस्पताल के अन्तर्गत वेंटिलेटर, डायलिसिस और आइसोलेशन बेड के साथ-साथ सभी चिकित्सकीय सुविधाए शामिल हैं।
‘अपोलोमेडिक्स कोविड अस्पताल’ के अन्तर्गत कोविड यूनिट में वेंटिलेटर्स की सुविधा के साथ-साथ रोगियों को उच्च गुुणवत्तायुक्त इलाज भी मुहैय्या कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, लखनऊ अभिषेक प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सकगण आदि उपस्थित रहे।







