गन्ना समितियों और चीनी मिलों को पुरस्कृत करने हेतु पुरस्कार योजना प्रारम्भ : संजय आर. भूसरेड्डी

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना कृषकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गन्ना विकास विभाग, विभागीय योजनाओं और गतिविधियों के माध्यम से निरंतर प्रयास कर रहा है। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गन्ना किसानों, गन्ना समितियों और चीनी मिलों को पुरस्कृत करने के लिए चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने पुरस्कार योजना प्रारम्भ की है।
इस सम्बंध में जानकारी देते हुए आयुक्त चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास संजय आर0 भूसरेड्डी ने बताया कि गन्ना विकास विभाग द्वारा किसानों को सम्मानजनक रूप से गन्ने की खेती से जोड़ने के लिए अनूठी पहल की गयी है। इससे गन्ने की खेती में किसानों का रूझान बढ़ेगा साथ ही नवोन्मेशी तकनीकों के प्रयोग को भी बल मिलेगा।
संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि इसके साथ ही अच्छे उत्पादन के फलस्वरूप गन्ना किसानों की आय बढ़ेगी, जिससे उनका परिवार आर्थिक व सामाजिक रूप से समृद्ध होगा और गरिमामयी जीवन यापन कर सकेगा।
संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि गन्ना उत्पादन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले किसानों व गन्ना समितियों को प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 51 हजार रूपये, 31 हजार रूपये और 21 हजार रूपये की धनराशि सहित स्मृति चिन्ह व प्रमाण -पत्र दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि गन्ना किसानों, गन्ना समितियों और चीनी मिलों की आपसी प्रतिस्पद्र्धा में वृद्धि से उनकी कार्यकुशलता में बढ़ोत्तरी होगी।








