एक संस्कारित परिवार ही समाज को श्रेष्ठ नागरिक प्रदान करता है

यूपी सीएम न्यूज़। सुर ताल संगम संस्था द्वारा आयोजित ‘सृजेता सीज़न 2’ कार्यक्रम में लखनऊ उत्तर प्रदेश के सुप्रसिद्ध बाल कलाकार आकर्ष सिंह सूर्यवंशी ने अपने पिता प्रदीप सिंह के साथ शानदार शिरकत की।
बातचीत के दौरान आकर्ष ने नैना ठग लेंगे गाना सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदीप सिंह ने अपने बचपन और परिवार की गाथा सुनाकर एक पिता की आदर्श छवि को प्रेरणा दायक ढंग से सभी दर्शकों को बताते हुए हर पिता को बच्चों से सौहार्द पूर्ण रिश्ता बनाए रखने पर जोर दिया। इस लोकप्रिय धारावाहिक साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन आनलाइन किया गया, जिसमें देश-विदेश से ऐसे पिता को चयनित किया गया था जिन्होंने अपनी संतान के उज्जवल भविष्य के लिए बहुत संघर्ष और परिश्रम किया तथा अपने अथक प्रयासों और सकारात्मक दृष्टिकोण के बल पर समाज में एक आदर्श भी स्थापित किया।
प्रतिवर्ष जून माह के तीसरे रविवार को अंतरराष्ट्रीय पितृ दिवस समारोह आयोजित किया जाता है, परंतु कोरोना काल में परिस्थितियों वश इस कार्यक्रम को आनलाइन ही बहुत आकर्षक रूप में संपन्न किया जा रहा है। 13 जून से 20 जून तक निरंतर चलने वाले इस लोकप्रिय कार्यक्रम में प्रेरणादायक किरदार के रूप में कला जगत के सुस्थापित बाल कलाकारों और उनके पिता के जीवन – संघर्ष की कहानी सुनकर समाज के सभी वर्गों के परिवारों में जागरूकता और उत्साह जगाना ही संस्था और कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भी है। प्रतिदिन सायं 7 बजे से 9 बजे तक ब्राडकास्ट होने वाले इस मनोरंजक कार्यक्रम के हर एपिसोड में दो कलाकार और उनकी पिता को आमंत्रित किया जाना है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्था की डायरेक्टर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार जया श्रीवास्तव अपने रोचक अंदाज में करते हुए कार्यक्रम में जीवंतता को लगातार बनाये रखती हैं। इस धारावाहिक साक्षात्कार को आठ एपिसोड्स के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है जिनमें देश भर के विभिन्न मध्यम वर्गीय परिवारों के जाने माने बाल कलाकारों को उनके पिता के साथ के साथ शामिल किया जायेगा।

इस अनवरत श्रंखला को पूर्णता प्रदान करने के लिए आगामी 21जून को विश्व संगीत दिवस की विशेष प्रस्तुतियों के साथ संपन्न किया जायेगा जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नवोदित और अत्यंत लोकप्रिय कलाकार दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए संयुक्त साक्षात्कार में भाग लेंगे तथा अपने पिता से जुड़े तमाम पहलुओं को दर्शकों से साझा करेंगे।
सुर ताल संगम संस्था द्वारा इन सभी पिताओं को ‘सृजेता’ के खिताब और प्रशस्ति पत्र प्रदान करके उन्हें सम्मानित और समाज की अन्य लोगों को प्रेरित किया जायेगा।








