UPCM और केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट का शुभारम्भ किया

उत्तर प्रदेश (अलीगढ़)।
UPCM और केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने जनपद अलीगढ़ में उत्तर प्रदेश डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया। इस समिट में रक्षा उत्पादों के लिए लगभग 3700 करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की गयी।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट का शुभारम्भ करती हुई
केन्द्रीय रक्षा मंत्री UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट का शुभारम्भ करती हुई

रक्षा उत्पादों एवं गुणवत्ता में सुधार के लिए उत्तर प्रदेश डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजनाओं में हिन्दुस्तान एयरोनाॅटिकल लिमिटेड द्वारा 1200 करोड़ रुपए, आॅर्डिनेन्स फैक्ट्री बोर्ड द्वारा 1077 करोड़ रुपए, एम.के. उद्योग द्वारा 900 करोड़ रुपए, भारत इलेक्ट्राॅनिक्स लिमिटेड द्वारा 240 करोड़ रुपए, भारत फोर्ज लिमिटेड द्वारा 200 करोड़ रुपए एवं PTC द्वारा 115 करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की गयी।

UPCM ने डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना को पूर्ण करने के लिए सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर को इस धरती पर उतारने का जो निर्णय लिया है, उसे पूरे मनोयोग से पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने केन्द्रीय रक्षा मंत्री के अलीगढ़ आगमन पर उनका अभिनन्दन एवं स्वागत करते हुए कहा कि रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़े, इसके लिए उनके द्वारा काफी रुचि ली जा रही है।

UPCM अलीगढ़ में UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करते हुए
UPCM अलीगढ़ में UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करते हुए

UPCM ने कहा कि प्रदेश में उद्योग स्थापना एवं निवेश के लिए बेहतर माहौल देते हुए निवेशकों एवं उद्यमियों के लिए प्रदेश सरकार रक्षा और एयरोस्पेस निर्माण नीति के तहत रक्षा उत्पाद के लिए आकर्षक स्थलों के साथ व्यापार अनुकूल वातावरण निवेशकों को उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य है। पूर्व सरकारों में लोग यहां निवेश करने से कतरातेे थे।

UPCM ने कहा कि 21 व 22 फरवरी को ‘UP-इन्वेस्टर्स समिट-2018’ में 4.28 लाख करोड़ रुपए के MOU पर हस्ताक्षर किए गये थे, जिसे 5 माह के अल्प समय में धरातल पर लाते हुए लखनऊ में आयोजित ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में प्रधानमंत्री द्वारा 60 हजार करोड़ रुपए की कुल 81 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ न सिर्फ ताले, बल्कि हार्डवेयर के लिए भी प्रसिद्ध होना चाहिए था, लेकिन विगत सरकारों ने कभी अलीगढ़ के इस हुनर को नहीं समझा।

UPCM ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए आगरा-चित्रकूट एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा, जिससे आगरा, झांसी एवं चित्रकूट में विकास की सम्भावनाएं बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि झांसी में 4000 हेक्टेयर एवं यहां 263 हेक्टेयर भूमि का डिफेन्स काॅरीडोर स्थापना के लिए चयन कर लिया गया है। इससे यहां पर उद्योगों के विकास के साथ लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि उत्तर प्रदेश के डिफेन्स कॉरिडोर की शीघ्र स्थापना के लिए केन्द्र सरकार कटिबद्ध है। इसके लिए हर महीने कुछ न कुछ कार्यक्रमों के आयोजन के साथ ही रक्षा उत्पादों को बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां के उद्यमियों द्वारा जो भी रक्षा उपकरण तैयार किए जा रहे हैं, उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्पादों की क्वालिटी के सम्बन्ध में मानसिकता में बदलाव लाने की आवश्यकता है, क्योंकि प्रोडक्ट गुणवत्तायुक्त होना चाहिए।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण  अलीगढ़ में UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करती हुईं
केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण अलीगढ़ में UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करती हुईं

केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे ने कहा कि इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सेदार बनने के लिए मैं स्वयं को भाग्यशाली समझता हूं। उन्होंने कहा कि उद्योग के क्षेत्र में माहौल तेजी से बदल रहा है। यह प्रदेश के लिये एक सुनहरा मौका है पहली बार उत्तर प्रदेश उद्योग के क्षेत्र में अग्रणी होने जा रहा है।

प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास की दिशा गत ‘UP-इन्वेस्टर्स समिट-2018’ के आयोजन के दौरान तय हो गयी थी, जिसमें 20 हजार करोड़ रुपए के डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरीडोर के स्थापना की घोषणा हुई थी। इसके तहत प्रदेश के 06 जनपद-अलीगढ़, कानपुर, आगरा, लखनऊ, झांसी एवं चित्रकूट शामिल हैं।

औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड के विकास के लिए बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। प्रदेश में डिफेन्स काॅरीडोर को मूर्त रूप देने के लिए बाहर के उद्यमी यहां आने की इच्छा प्रकट कर रहे हैं। अगले 06 माह में प्रदेश में बहुत बड़ा निवेश होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब उद्योग नीति बनाई गयी थी, उसमें उद्यमियों के साथ बैठक कर उनकी आवश्यकताओं एवं सहूलियतों पर विचार किया गया था। प्रदेश में अब उद्योगों के विकास एवं स्थापना के लिए नया युग प्रारम्भ हो गया है। सरकार हमेशा उद्यमियों की हर सम्भव मदद करेगी।

इस अवसर पर 19 कम्पनियों द्वारा रक्षा उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर सेना से जुड़े विभिन्न उत्पादों की अलीगढ़ एवं बाहर से आए उद्यमियों को जानकारी प्रदान की गयी। हार्डवेयर उत्पादों की प्रदर्शनी में सेण्ट्रल आॅर्डिनेन्स फैक्ट्री आगरा, DRDO, वायु सेना एवं जल सेना के स्वदेशीकरण विभाग, डिफेन्स इन्वेस्टर सेल, आॅर्डिनेन्स फैक्ट्री बोर्ड कानपुर, हिन्दुस्तान एयरोनाॅटिकल लिमिटेड, भारत इलेक्ट्राॅनिक्स लिमिटेड, भारत अर्थमूवर्स लिमिटेड, भारत डायनामिक लिमिटेड, मिश्र धातु निगम लिमिटेड, मैजेगाॅन डाॅक शिप बिल्डर्स लिमिटेड, गार्डन रीच शिप बिल्डर्स एण्ड इंजी. लिमिटेड, गोवा शिपयार्ड लिमिटेड, फेडरेशन आॅफ मैन्युफैक्चरर लिमिटेड शामिल रहे।

UPCM को UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट में स्मृति भेंट करते हुए
UPCM को UP-डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इन्वेस्टर्स समिट में स्मृति भेंट करते हुए

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद सतीश गौतम ने कहा कि अलीगढ़ तालानगरी एवं हार्डवेयर के लिए विश्वविख्यात है। यहां पर डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरीडोर की स्थापना से जनपद का विकास होगा। प्रदेश सरकार द्वारा भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन एवं भयमुक्त माहौल के साथ सबका साथ-सबका विकास की नीति पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए उद्यमियों को जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर औद्योगिक विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न देशों के राजदूत, जल, थल एवं वायु तीनों सेनाओं के प्रमुख, केन्द्रीय सचिव डिफेन्स प्रोडक्शन डाॅ. अजय कुमार, मुख्य सचिव डाॅ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, केन्द्रीय अतिरिक्त सचिव डिफेन्स प्रोडक्शन बरुण मित्रा, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं यूपीडा के सी.ई.ओ. अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास आर.के. सिंह, सहित देश एवं प्रदेश के उद्यमी एवं DRDO व अन्य कम्पनियों के अधिकारीगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage