मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रदेश के समस्त 18 मंडलों में संचालित अटल आवासीय विद्यालयों की राज्य स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न

अटल आवासीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता एवं संचालन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएः मुख्य सचिव

लखनऊ, 13 नवम्बर, 2026

मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में प्रदेश के समस्त 18 मंडलों में संचालित अटल आवासीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता, छात्रावास प्रबंधन एवं संचालन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आवासीय सुविधाएं एवं आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल हैं। इन विद्यालयों को शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यहां अध्ययनरत बच्चे बेहतर शैक्षिक उपलब्धियां हासिल कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।
उन्होंने विद्यालयों के बेहतर संचालन के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर एक सुविचारित एवं व्यावहारिक नीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विद्याज्ञान, संस्कृति एवं अन्य प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों की संचालन व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली का अध्ययन कर उपयुक्त मॉडल विकसित किया जाए। नीति निर्धारित होने तक विद्यालयों में शिक्षकों का चयन संविदा के आधार पर किए जाने को कहा गया।

विद्यार्थियों की सुरक्षा, देखरेख एवं छात्रावासों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए मुख्य सचिव ने प्रत्येक छात्रावास में एक हाउस मास्टर एवं एक सुपरिन्टेन्डेन्ट तथा प्रत्येक विद्यालय के बालिका छात्रावास में दो मेट्रॉन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

बैठक में मंडल स्तरीय अनुश्रवण समितियों के पुनर्गठन तथा विद्यालयों के रख-रखाव, मरम्मत एवं निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक बजट व्यवस्था के संबंध में भी निर्णय लिए गए। अतिरिक्त आवासों के निर्माण के लिए पूर्व में आवंटित शासकीय बजट तथा भविष्य में विद्यालयों के अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्यों के लिए बी.ओ.सी. बोर्ड की निधि का उपयोग किया जाएगा।

बैठक में वर्ष 2026 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में अटल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। अवगत कराया गया कि परीक्षा में सम्मिलित कुल 2,178 विद्यार्थियों में से 2,112 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जो 96.97 प्रतिशत है। इनमें 58 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक तथा 390 विद्यार्थियों ने 80 से 90 प्रतिशत के मध्य अंक प्राप्त किए। मुख्य सचिव ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए आगामी वर्षों में शैक्षिक गुणवत्ता एवं परीक्षा परिणामों में और अधिक सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव, श्रम एवं सेवायोजन डॉ. आशीष कुमार गोयल, श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश डॉ. सौम्या अग्रवाल, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी, महानिदेशक, अटल आवासीय विद्यालय एवं सचिव, बी.ओ.सी. बोर्ड श्रीमती पूजा अग्रवाल, विशेष सचिव  कुणाल सिल्कू तथा अपर सचिव बी.ओ.सी. बोर्ड शेर सिंह सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage