मुख्यमंत्री ने बिजनौर में बिजनौर एवं चाँदपुर विधान सभा क्षेत्रों की 1003 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार प्रदेश में विरासत और विकास के समन्वय के साथ विकास परियोजनाओं को निरन्तर धरातल पर उतार रही है। डबल इंजन सरकार ‘चरैवेति-चरैवेति’ मंत्र का पालन करते हुए जनता जनार्दन के हित, सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। जनपद बिजनौर के विकास को देखकर आनन्द की अनुभूति हो रही है। बिजनौर ने संघर्ष की गाथा लिखकर अपनी विकास यात्रा तय की है।
मुख्यमंत्री ने जनपद बिजनौर में बिजनौर एवं चाँदपुर विधान सभा क्षेत्रों की 1003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाभी, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट आदि प्रदान किये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन, पौधरोपण, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर गुण्डों-माफियाओं से मुक्त होकर विकास की नई यात्रा तय कर रहा है। इस जनपद में हाई-वे, एक्सप्रेस-वे, रेलवे तथा मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। नगीना के कारीगरों ने दुनिया में लकड़ी की कारीगरी का हुनर प्रस्तुत किया है। यहां के अन्नदाता किसानों की मेहनत, युवाओं की ऊर्जा, व्यापारियों का नवाचार तथा कारीगरों की उद्यमशीलता जनपद की विशिष्टता को इंगित करती है। आज इसे स्वच्छ बिजनौर के तौर पर जाना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा विदुर की पावन तपोभूमि बिजनौर में 05 हजार वर्ष पूर्व लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण ने उनका सान्निध्य प्राप्त किया था। इस धरा ने महान समालोचक पं0 पद्म सिंह शर्मा, सम्पादक आचार्य पं0 रुद्रदत्त शर्मा, अबुल फजल ‘फैजी’, वैज्ञानिक डॉ0 आत्माराम, हिन्दी गजल के मसीहा दुष्यन्त कुमार, महावीर सिंह त्यागी तथा संविधान विशेषज्ञ डॉ0 सुभाष कश्यप जैसी देश की अनेक महान विभूतियों को जन्म दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ने की मिठास के लिए प्रसिद्ध बिजनौर अत्यन्त समृद्धशाली है। यहां के जनप्रतिनिधियों ने गन्ना मूल्य 400 रुपये प्रति कुन्तल का प्रस्ताव दिया था। प्रदेश सरकार द्वारा इस प्रस्ताव को लागू करते हुए गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा रहा है। वर्ष 2017 से पूर्व 10-10 वर्षां तक गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया जाता था। कोई नयी वैरायटी प्रस्तुत नहीं की जाती थी। युवा पलायन करने को मजूर था, बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विकास लखनऊ और गौतमबुद्धनगर जैसे जनपदों तक सीमित नहीं है। प्रदेश के बिजनौर तथा शामली जैसे जनपदों में भी विकास की बयार बह रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधि तय करते हैं कि कौन सी सड़क, पुल तथा फ्लाई ओवर बनना है। प्रदेश सरकार प्रस्ताव मिलने पर कार्य योजना तय करते हुए धनराशि उपलब्ध कराती है। योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम जनप्रतिनिधि करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गंगा एक्सप्रेस-वे बिजनौर से होकर हरिद्वार पहुंचाने का निर्णय लिया है। यहां मेडिकल कॉलेज संचालित है। नर्सिंग सेक्टर में शत-प्रतिशत प्लेसमेन्ट की गारण्टी दी जा सकती है। यह कार्य वर्ष 2017 से पूर्व किये जा सकते थे, लेकिन तत्कालीन सरकारों में इच्छाशक्ति का अभाव था। आज बिजनौर मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के पश्चात सर्वप्रथम अन्नदाता किसानों की कर्ज माफी का कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत किसान, बटाईदार तथा उनके परिवार के सदस्य यदि आपदा का शिकार होते हैं, तो सरकार उनके परिजनों को 05 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करवाती है। आज यहां मंच पर कुछ परिवारों को यह धनराशि दी गयी है। प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत जरुरतमन्दों को आवास उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्रत्येक गरीब को निःशुल्क राशन की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डी0बी0टी0 के माध्यम से प्रदेश के 03 करोड़ 26 लाख अन्नदाता किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ पहुंचाया गया है। 01 करोड़ 06 लाख दिव्यांगजनों, निराश्रित महिलाओं और वृद्धजनों के खाते में पेंशन की धनराशि पहुंचायी गयी है। प्रदेश सरकार लखनऊ में स्क्रीन पर फेयर प्राइस शॉप से दिये जा रहे राशन की मॉनीटरिंग करती है। यदि कहीं कोई गड़बड़ी कर रहा होता है, तो स्क्रीन अलर्ट कर देती है कि अमुक जगह व अमुक दुकान में घटतोली हो रही है। तत्काल छापेमारी कर सम्बन्धित व्यक्ति की गिरफ्तारी की जाती है। कार्य करने की इच्छा शक्ति होती है, तब कार्य ठीक से हो पाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। अभी यहां पर विधायक श्रीमती सुचि जी ने फ्लाई ओवर बनाने के लिए कहा है। उनसे प्रस्ताव लेकर तत्काल फ्लाई ओवर के निर्माण की कार्यवाही आगे बढ़ायी जाएगी। मुरादाबाद में भी इस मण्डल की बैठक ली गयी थी, जिसमें कहा गया था कि यहां जो सड़क, पुल, फ्लाई ओवर आदि बनने हैं, उनके प्रस्ताव प्रस्तुत करें। सभी प्रस्ताव स्वीकृत किये जाएंगे। प्रत्येक गांव को कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। आज प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही सरकारी नौकारियों में बड़ी संख्या में बिजनौर जनपद के युवा सहभागी बनते हैं। युवा स्वयं का उद्यम स्थापित कर रहे हैं। हमारा किसान उद्यमी बन चुका है। इस यात्रा ने प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से उबारा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर सहित सम्पूर्ण प्रदेश बॉटम थ्री से टॉप थ्री की यात्रा तय कर चुका है। विकास की इस प्रक्रिया को हमें मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है। बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके यह यात्रा अनवरत रूप से आगे बढ़नी चाहिए। और उसी यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए आज हम सब आपके बीच में आए हैं। नजीबाबाद ब्लॉक के हदू खाता गांव में आजादी के 70 वर्षों के बाद भी बिजली नहीं पहुंच पायी थी। प्रदेश सरकार ने वहां बिजली पहुंचाने का काम किया है। गंगा एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी सुदृढ़ की जा रही है। गोरखपुर-शामली एक्सप्रेस-वे पर गंगा बैराज पर पुल की तैयारी चल रही है। मोहम्मदपुर देवमल में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जा चुका है। विकासखण्ड शिवहरा में मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रारम्भ किए जाने की तैयारी चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के लिए बड़े पैमाने पर विदेशी और घरेलू निवेश आकर्षित किया गया है। इसमें बेल्जियम की कम्पनी अग्रिस्ट मासा का 790 करोड़ रुपये, मुम्बई का रि-एनर्जी डायनेमिक्स द्वारा सी0बी0जी0 प्लाण्ट हेतु 250 करोड़ रुपये तथा एनरशैल एलॉयज चाँदपुर का 198 करोड़ रुपये का निवेश सम्मिलित है। विदुर प्रेरणा स्वदेशी ब्राण्ड का टर्नओवर 10 करोड़ रुपये से अधिक है। यह ब्राण्ड आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का मजबूत प्रतीक बनकर उभरा है। विदुर प्रेरणा मोबाइल ऐप तथा वेब पोर्टल के माध्यम से हमारी बहनें बाजार तक अपने उत्पाद पहुँचा रहीं। विदुर ब्राण्ड में उत्कृष्ट और नवाचार पूर्ण कार्य करने के लिए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जनपद बिजनौर को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण पहले ही हो चुका है। नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास का आज लोकार्पण किया जा रहा है। अब बिजनौर की बेटियां नर्सिंग क्षेत्र में अपना परचम लहरा सकेंगी। ग्राम रावली स्थित कण्व ऋषि आश्रम पर पर्यटन विकास कार्य पूर्ण हो गया है। आज राजकीय महिला आई0टी0आई0 जहांगीरपुर मझरा, ज्ञानपुर, जलीलपुर, चांदपुर, पुलिस लाइन बिजनौर ट्रांजिट हॉस्टल, चौधरी चरण सिंह मध्य गंगा बैराज के बायें अफलक्स बंध के 06 स्थानों पर पुनरुद्धार एवं सुरक्षात्मक कार्य, पानीपत खटीमा मार्ग पर 02-लेन व महात्मा विदुर मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य तथा अमृत-2.0 के अन्तर्गत मण्डावर नगर पंचायत पुनर्गठन पेयजल योजना का लोकार्पण किया जा रहा है।
यहां शिलान्यास की गयी परियोजनाओं में बिजनौर नूरपुर छजलैट मार्ग का सुदृढ़ीकरण, धर्मार्थ योजना के अन्तर्गत बदायूं-बिलसी-सम्भल-गजरौला मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, शहजादपुर रावली, ब्रह्मपुरी मार्ग के बीच मालिन नदी पर सेतु व पहुंच तथा विदुर कुटि स्थल का समेकित पर्यटन विकास सम्मिलित है।
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, सांसद चन्दन चौहान, विधान परिषद सदस्य डॉ0 हरि ढिल्लों, अशोक कटारिया, डॉ0 जय पाल सिंह, विधायक सुचि, अशोक कुमार राणा, ओम कुमार, कुंवर सुशान्त सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।








