UPCM ने चतुर्थ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने पूरे प्रदेश में 21 जून 2018 को चतुर्थ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक आयोजन सम्बन्ध में समय रहते तैयारियों को सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों, 350 तहसीलों, 823 ब्लाॅक मुख्यालयों एवं 653 नगर निकायों में वृहद् स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। उन्होंने कहा कि योग दिवस पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम जनसामान्य के कार्यक्रम हैं।

UPCM ने जिलाधिकारियों को इस आयोजन की व्यापक तैयारियों के लिए जिलास्तर पर तत्काल एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए हैं। ये नोडल अधिकारी 15 जून, 2018 से प्रारम्भ होने वाले ‘योग पखवाड़े’ से सम्बन्धित जानकारियों को शासन स्तर पर आयुष विभाग को प्रेषित करेंगे।

UPCM ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए तहसीलों में सम्बन्धित जनपद के जिलाधिकारी, विकास खण्डों में खण्ड विकास अधिकारी, नगर निगमों में नगर आयुक्त एवं अन्य नगर निकायों में अधिशासी अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाए। इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जनपदों में उपयुक्त स्टेडियम, पार्क, खेल का मैदान, क्रीडा स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों का चयन किया जाए, जहां पर योग के लिए इच्छुक व्यक्ति पर्याप्त संख्या में सम्मिलित हो सकें।

UPCM ने यह भी निर्देशित किया है कि सम्बन्धित जनपदों के प्रभारी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया जाए। साथ ही, जनपदों में वहां के विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं, योग संस्थाओं, स्वैच्छिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अधिक से अधिक जनसमुदायों को प्रतिभाग करने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

UPCM ने कहा कि योग प्रोटोकाॅल के अनुसार योग का प्रशिक्षण जनपदों में तत्काल स्टेडियम, पार्क, खेल का मैदान, क्रीडा स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रारम्भ करा दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जनपद के पुलिस प्रभारी इन कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा और मार्गों पर यातायात के सुचारु प्रबन्धन की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

UPCM ने कहा कि सभी जनपदों में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से पूर्व साफ-सफाई का कार्य अभियान चलाकर पूरा किया जाए। कार्यक्रम आयोजन के स्थलों एवं चिन्ह्ति स्थानों पर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, अग्निशमन, विद्युत एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाए। योग कार्यक्रमों के आयोजन, इसके सम्बन्ध में जनजागरूकता, योग से होने वाले लाभों के मद्देनजर पर्याप्त प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, सभी कार्यक्रमों की फोटोग्राफी व वीडियो रिकाॅर्डिंग करायी जाए, जिससे उत्तर प्रदेश में इन कार्यक्रमों में सम्मिलित होने वाले योगाभ्यासियों का कीर्तिमान पूरा देश देख सके।

Related Articles

Back to top button
btnimage