राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 21 करोड़ 5 लाख 57 हजार रु. की धनराशि अवमुक्त

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत रू 21 करोड़ 5 लाख 57 हजार की धनराशि की अवमुक्त कर आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग के निवर्तन पर रखे जाने की स्वीकृति प्रदान की गयी है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (केन्द्रांश 60 प्रतिशत-27 सब्सिडी में धनराशि रुपये 1263.34 लाख, उसके संगत राज्यांश रू०-842.23 लाख, इस प्रकार कुल धनराशि रुपये 2105.57 लाख (रूपये इक्कीस करोड़ पाँच लाख सत्तावन हजार मात्र) को अवमुक्त कर आयुक्त, ग्राम्य विकास के निवर्तन पर रखे जाने एवं व्यय किये जाने की स्वीकृति निर्धारित शर्तों एवं प्रतिबन्धों के अधीन प्रदान की गयी है। इस सम्बन्ध में आवश्यक शासनादेश उत्तर प्रदेश शासन ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है।
जारी शासनादेश में यह निर्देश दिए गए हैं कि धनराशि का आहरण एवं व्यय योजना विषयक गाइडलाइन/दिशा निर्देश तथा इस संबंध में समय-समय पर निर्गत दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए किया जाए। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृत की गई धनराशि के नियम संगत व्यय व स्वीकृत धनराशियों के निर्धारित प्रारूप पर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाने का दायित्व आयुक्त ग्राम्य विकास / मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का होगा।








