मोहान रोड योजना का सर्वे शुरू, अवैध निर्माण चिन्हित कर होगी कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अपर सचिव की अध्यक्षता में गठित की कमेटी
योजना की पुरानी तस्वीरों से वर्तमान परिदृश्य का किया जाएगा मिलान, अवैध निर्माण/प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण के साथ जिम्मेदार अफसर व कर्मियों पर होगी कार्यवाही
कमेटी ने पहले दिन योजना का भ्रमण करके साइट आफिस के लिए चिन्हित किये कुछ स्थान, अवैध निर्माणों की मार्किंग की गयी
मोहान रोड योजना व उसके आसपास के क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ शीघ्र ही अभियान चलाकर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही इसके लिए जिम्मेदार अफसर व कर्मचारियों का दायित्व निर्धारित करते हुए उनके खिलाफ कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इसके लिए अपर सचिव की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी योजना का सर्वे करके तीन दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने मोहान रोड योजना का निरीक्षण किया था। इस दौरान योजना व उसके आसपास के क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग व रो-हाउस भवनों का निर्माण तेजी से होता पाया गया। इसके मद्देनजर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह, तहसीलदार-अर्जन शशिभूषण पाठक व अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा को शामिल किया गया है। यह कमेटी योजना व उसके आसपास के क्षेत्र का सर्वे करके अवैध प्लाटिंग/निर्माणों को चिन्हित करेगी तथा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के साथ तीन दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इस क्रम में कमेटी द्वारा योजना की पुरानी तस्वीरों से वर्तमान परिदृश्य का मिलान कराया जाएगा तथा अवैध निर्माण/प्लाटिंग के लिए जिम्मेदार अधिकारी व अभियंताओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए रिपोर्ट देनी होगी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि कमेटी द्वारा दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी का दायित्व निर्धारित करते हुए कार्यवाही प्रचलित की जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के लिए प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित की गयी भूमि पर अगर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अवैध निर्माण अथवा प्लाटिंग पायी जाती है तो स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के साथ ही कब्जेदार/निर्माणकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी जाएगी।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष के आदेशानुसार योजना के निरीक्षण का कार्य आज से शुरू कर दिया गया है। बुधवार को सर्वे के दौरान कलियाखेड़ा, नहर रोड तथा किसान पथ से मास्टर प्लान रोड को जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया गया। इसमें कई जगह अवैध निर्माण/प्लाटिंग चिन्हित की गयीं। इसके साथ ही टीम द्वारा योजना के साइट आॅफिस हेतु उपयुक्त जगहों की भी मार्किंग की गयी।

Related Articles

Back to top button
btnimage